Jammu Kashmir Rajya Sabha Election Result: NC ने जीती 3 सीटें, जानिए भाजपा का कैसा रहा रिजल्ट
Jammu Kashmir Rajya Sabha Election Result: अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को पहली बार राज्यसभा चुनाव हुए। इस चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने तीन तो भाजपा ने एक सीट पर जीत हासिल की।

Jammu Kashmir Rajya Sabha Election Result: अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को पहली बार राज्यसभा चुनाव हुए। श्रीनगर विधानसभा परिसर में इसके लिए मतदान कराया गया। इसमें 88 में से 86 विधायकों ने अपने वोट डाले और हिरासत में लिए गए विधायक मेहराज मलिक ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। मतगणना होने के बाद अब मतगणना के बाद उमर अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस ने तीन सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने एक सीट पर कब्जा कर लिया।
बता दें कि मतदान से पहले नेकां और पीडीपी ने अपने विधायकों को तीन-पंक्ति का व्हिप जारी किया था, ताकि वे सत्तारूढ़ दल के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान सुनिश्चित कर सकें। दरअसल, जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटें रिक्त थीं। 15 फरवरी, 2021 को गुलाम नबी आजाद और नजीर अहमद लवाय का कार्यकाल समाप्त हुआ था। इसी साल 10 फरवरी को फैयाज अहमद मीर और शमशेर सिंह मनहास का कार्यकाल भी पूरा हो गया था।
Live updates : Jammu Kashmir Rajya Sabha Election Result
-
October 24, 2025 6:46 PM (IST) Posted by Amar Deep
BJP के सतपाल शर्मा की जीत
बीजेपी के सतपाल शर्मा ने जम्मू-कश्मीर में चल रहे राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल कर ली है।
-
October 24, 2025 6:33 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जीती तीसरी सीट
जम्मू-कश्मीर में हुए राज्यसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अब तक 4 में से 3 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। उमर अब्दुल्ला की पार्टी के लिए तीसरी सीट गुरविंदर सिंह ओबेरॉय उर्फ शम्मी ओबेरॉय ने जीती है।
-
October 24, 2025 6:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
एनसी के सज्जाद किचलू की जीत
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर की एक और सीट पर जीत हासिल की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सज्जाद किचलू ने राज्यसभा सीट जीत ली है।
-
October 24, 2025 5:56 PM (IST) Posted by Amar Deep
एनसी के चौधरी मोहम्मद रमज़ान जीते
नेशनल कॉन्फ्रेंस के चौधरी मोहम्मद रमजान ने राज्यसभा सीट जीत ली है।
-
October 24, 2025 5:45 PM (IST) Posted by Amar Deep
क्या इतिहास रचेगी बीजेपी?
भाजपा का जम्मू-कश्मीर से एकमात्र राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास रहे हैं। मौजूदा चुनाव में बीजेपी के तीन कैंडिडेट मैदान में है, अगर बीजेपी इनमें से दो सीटें भी जीत जाती है तो एक नया इतिहास रचेगी। वहीं अगर बीजेपी एक सीट भी जीतती है तो यह मन्हास के बाद मात्र दूसरी बार होगा जब पार्टी सूबे में कोई राज्यसभा सीट जीतेगी।
-
October 24, 2025 5:23 PM (IST) Posted by Amar Deep
एनसी के शम्मी ओबेरॉय और इमरान नबी डार का मुकाबला भाजपा के सत शर्मा से
तीसरी सीट के लिए एनसी ने पार्टी के कोषाध्यक्ष जीएस ओबेरॉय, जिन्हें शम्मी ओबेरॉय के नाम से भी जाना जाता है और युवा राज्य प्रवक्ता इमरान नबी डार को भाजपा के सत शर्मा के खिलाफ मैदान में उतारा है।
-
October 24, 2025 5:15 PM (IST) Posted by Amar Deep
एनसी के सज्जाद किचलू का मुकाबला भाजपा के राकेश महाजन से
जम्मू-कश्मीर में एनसी के सज्जाद किचलू, भाजपा के राकेश महाजन से मुकाबला कर रहे हैं।
-
October 24, 2025 5:09 PM (IST) Posted by Amar Deep
एनसी के चौधरी रमज़ान का मुकाबला भाजपा के अली मीर से
एनसी के चौधरी मोहम्मद रमज़ान का एक सीट पर भाजपा के अली मोहम्मद मीर से सीधा मुकाबला है।
-
October 24, 2025 5:04 PM (IST) Posted by Amar Deep
जम्मू-कश्मीर विधानसभा की कुल कितने सदस्य?
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कुल 88 विधायक हैं, जिनमें से नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और पीडीपी के पास 57 विधायक हैं।
-
October 24, 2025 5:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
किस-किस ने किया नामांकन?
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मुहम्मद रमजान चौधरी, सज्जाद किचलू, शमी ओबेरॉय (जिन्हें जीएस ओबेरॉय के नाम से भी जाना जाता है) और इमरान नबी डार को नामांकित किया है। भाजपा ने अली मोहम्मद मीर, राकेश महाजन और अपने जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष सत शर्मा सहित तीन उम्मीदवारों को नामांकित किया है।
-
October 24, 2025 4:58 PM (IST) Posted by Amar Deep
अवामी इत्तेहाद पार्टी के खुर्शीद अहमद ने एनसी गठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की
अवामी इत्तेहाद पार्टी के खुर्शीद अहमद ने भी एनसी गठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की है। इसके 41 विधायकों के साथ-साथ कांग्रेस के छह, पांच निर्दलीय, माकपा के एक, पीडीपी के तीन और एआईपी के एक विधायक के समर्थन से, एनसी उम्मीदवारों को अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त हासिल है।
-
October 24, 2025 4:52 PM (IST) Posted by Amar Deep
विधान सभा परिसर में हुआ मतदान
5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद से यह जम्मू-कश्मीर से पहला राज्यसभा चुनाव है। जम्मू-कश्मीर विधान सभा परिसर में मतदान हो रहा था।
-
October 24, 2025 4:50 PM (IST) Posted by Amar Deep
जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा चुनाव शुक्रवार (24 अक्टूबर) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस दौरान 86 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हिरासत में लिए गए डोडा विधायक मेहराज मलिक ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (पीसी) के विधायक सज्जाद लोन मतदान प्रक्रिया से अनुपस्थित रहे।