जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (ACB) टीम ने एक घूसखोर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण विकास विभाग (RDD) के तहत किए गए कार्यों से जुड़े बिल तैयार करने के लिए ठेकेदार से रिश्वत मांगने के आरोप में रविवार को एक जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार हुआ है।
एसीबी थाने में दर्ज हुआ था केस
अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले के गुलाबगढ़-महोरे क्षेत्र में ब्लॉक विकास कार्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात जूनियर इंजीनियर राहुल गंडोत्रा के खिलाफ उधमपुर स्थित एसीबी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने शिकायतकर्ता ठेकेदार से आरडीडी कार्यों से संबंधित बिल तैयार करने के लिए रिश्वत की मांगी थी।
सेवक की ओर से रिश्वत की मांग की पुष्टि
उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया और एसीबी से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया। अधिकारियों ने बताया, 'शिकायत प्राप्त होने पर सत्यापन किया गया, जिससे लोक सेवक की ओर से रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।'
8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया
जांच के दौरान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
आरोपी के आवास पर भी छापेमारी
एसीबी ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जम्मू के रेहारी इलाके में आरोपी के आवास पर छापेमारी भी की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग प्राथमिकियां उधमपुर के एसीबी थाने में दर्ज की गई हैं और उनकी जांच जारी है।