1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. "अचानक बम फटने जैसी आवाज़ आई और फिर... ", किश्तवाड़ के पीड़ितों ने बताया कितना खौफनाक था मंजर

"अचानक बम फटने जैसी आवाज़ आई और फिर... ", किश्तवाड़ के पीड़ितों ने बताया कितना खौफनाक था मंजर

जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद मलबे में फंसे लोगों के लिए बचाव कार्य आज भी जारी है। कई लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस बीच पीड़ितों ने खौफनाक मंजर की दांस्ता सुनाई है।

किश्तवाड़ में बादल फटने तबाही का मंजर- India TV Hindi
Image Source : PTI किश्तवाड़ में बादल फटने तबाही का मंजर

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के चिशोती गांव में बादल फटने से भारी मची है। चिशोती गांव में कितने बड़े पैमाने पर तबाही मची है इसका अंदाजा सामने आ रही तस्वीरों और वीडियो को देखकर आसानी से लगाया जा सकता है। हादसे के शिकार कई लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। कई लोगों की हालत नाजुक है। इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

पीड़ितों ने बताया कितना खौफनाक था मंजर

किश्तवाड़ में अचानक आई बाढ़ के शिकार हुए एक व्यक्ति ने बचाए जाने के बाद कहा कि अचानक बम फटने जैसी आवाज़ आई और सब चिल्लाने लगे, 'भागो, भागो।' जैसे ही मैं भागने लगा, मलबे में फंस गया और एक बिजली का खंभा मेरे ऊपर गिर गया। इसके बाद मैंने अपनी बेटी को आवाज़ लगाई और उसने मुझे वहां से निकाला। 

2 मिनट के अंदर आ गया 4 फीट मलबा

वहीं, एक अन्य पीड़ित ने बताया कि बादल फटने के दौरान चिशोती में ही था। अचानक एक धमाके जैसी आवाज़ आई और बादल फटने के बाद, हम वहां से निकलने लगे, लेकिन 2 मिनट के अंदर ही वहां 4 फ़ीट मलबा आ गया। हम कुछ लोगों को बचा पाए, लेकिन कुछ लोग फंस गए। हम 11 लोग थे। हम सुरक्षित हैं, लेकिन मेरी बेटी और मेरी पत्नी मलबे में फंस गए थे और अब उनकी हालत स्थिर है।

21 मृतकों की हुई पहचान

उधर, अधिकारियों ने बताया कि किश्तवाड़ जिले के बादल फटने से प्रभावित चिशोती गांव से निकाले गए 46 शवों में से 21 की पहचान कर ली है। बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। मृतकों की पहचान के लिए, अधिकारियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रभावित परिवारों के साथ पीड़ितों की तस्वीरें साझा की। इसके बाद मृतकों की पहचान हो पाई। उन्होंने बताया कि अब तक 160 से ज़्यादा लोगों को बचाया जा चुका है और उनमें से 38 की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि और लोगों के फंसे होने की आशंका है। 

बता दें कि किश्तवाड़ जिले के चिशोती गांव में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में कई लोग बह गए। भूस्खलन और मलबे के साथ आई बाढ़ ने घरों, दुकानों और वाहनों को दफन कर दिया, जिससे कई लोग हताहत हुए और कई लोग लापता हो गए।

इनपुट- एएनआई और पीटीआई