जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा रेफर किया गया है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कुपवाड़ा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उपराज्यपाल ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतरीन संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुंछ में खाई में वाहन गिरने से 6 की मौत
बीते महीने, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट के शेलधर इलाके में ऐसा ही एक सड़क हादसा हुआ। एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई गई। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा, अतिरिक्त एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को मौके पर भेजा गया और राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हैं। वहीं, पुंछ के CMO डॉ. परवेज खान के अनुसार, मृतकों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं और सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हादसे को लेकर कहा,"सीएम उमर अब्दुल्ला ने पुंछ के सुरनकोट में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के लिए हर संभव चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।"
ये भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में Statehood प्रस्ताव को लेकर हंगामा, BJP-कांग्रेस विधायक को मार्शल बुलाकर किया गया बाहर
उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव की घटना, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; शहरभर में अलर्ट