1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. J&K: लैंडस्लाइडिंग, बाढ़ और बादल फटने का खतरा, जम्मू के सभी स्कूल बंद, सोमवार रात से हो रही जमकर बारिश

J&K: लैंडस्लाइडिंग, बाढ़ और बादल फटने का खतरा, जम्मू के सभी स्कूल बंद, सोमवार रात से हो रही जमकर बारिश

जम्मू-कश्मीर के कई जिलों मे बारिश हो रही है। बारिश के चलते नदियां और नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश के अलर्ट के साथ ही बादल फटने का खतरा भी बताया है।

जम्मू-कश्मीर में हो रही बारिश- India TV Hindi
Image Source : PTI जम्मू-कश्मीर में हो रही बारिश

जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। कई जिलों में नदियां और नाले उफान पर हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और अचानक बाढ़ के खतरे की आशंका जताई है। कई जिलों के लिए ताजा मौसम परामर्श जारी किया गया है। भारी बारिश के चलते जम्मू संभाग के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने का खतरा

मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि सोमवार देर रात से कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। संवेदनशील इलाकों में अचानक बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थानीय अधिकारियों ने नदियों और नालों के जल स्तर में वृद्धि की भी संभावना जताई है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और जल निकायों, नदी तटबंधों और अस्थिर ढलानों के पास जाने से बचने का आग्रह किया है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से कठुआ, जम्मू, उधमपुर और रियासी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। डोडा, सांबा, राजौरी, पुंछ, रामबन, किश्तवाड़, अनंतनाग और कुलगाम में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

स्कूल बंद रखने का आदेश

भारी बारिश के बीच स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू (DSEJ) ने आदेश दिया है कि खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए जम्मू संभाग के सभी स्कूल 2 सितंबर तक बंद रहेंगे।

नेशनल हाईवे बना पुल क्षतिग्रस्त

तवी नदी और चक्की दरिया उफान पर हैं, जिसके कारण कठुआ में नेशनल हाईवे पर बना एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया। राजौरी में तवी नदी में एक व्यक्ति के फंसने की घटना के बाद सेना ने हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। वहीं, झेलम नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गुरेज और रियासी में जमीन धंसने की घटनाएं सामने आई हैं।