1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अमरनाथ यात्रा के शुरुआती 2 दिन में कितने तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के किए दर्शन? उपराज्यपाल ने दिया बड़ा अपडेट

अमरनाथ यात्रा के शुरुआती 2 दिन में कितने तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के किए दर्शन? उपराज्यपाल ने दिया बड़ा अपडेट

अमरनाथ यात्रा में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंचे हुए हैं। इन सभी तीर्थयात्रियों की खास सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 9 अगस्त 2025 तक चलेगी।

बाबा बर्फानी- India TV Hindi
Image Source : PTI बाबा बर्फानी

अमरनाथ यात्रा 2025 की शुरुआत हो गई है। 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 9 अगस्त 2025 तक चलेगी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि अमरनाथ यात्रा के पहले दो दिन के दौरान 20,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि सालाना अमरनाथ यात्रा को लेकर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में उत्सव और उत्साह का माहौल है। 

गांदरबल जिले में आधार शिविर का किया उद्घाटन

सिन्हा ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल आधार शिविर में तीर्थयात्री निवास परिसर का उद्घाटन करने के बाद कहा, 'अब तक मिली जानकारी के अनुसार, 20,000 से अधिक भक्त बाबा का दर्शन कर चुके हैं।' केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से शामिल हुए। 

यात्रियों की सुविधाओं में हुआ सुधार

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, 'देश के विभिन्न कोनों से बाबा के भक्त यहां आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के लोग खुले दिल से उनका स्वागत कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर सरकार और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (SASB) ने यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार किया है।' 

शुक्रवार को 14 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के पहले दो दिनों में 26,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 14,515 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। आने वाले दिनों में और भी भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। (भाषा के इनपुट के साथ)