1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की लोगों से अपील, 'आतंकियों के मददगारों से समाज को मुक्त करें'

जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की लोगों से अपील, 'आतंकियों के मददगारों से समाज को मुक्त करें'

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्थानीय और बाहरी जैसे शब्दों का प्रयोग बंद करें। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए।

Manoj sinha- India TV Hindi
Image Source : X/MANOJSINHA जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मदद करने की अपील की है। उन्होंने आम लोगों और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से अलग-अलग अनुरोध किए हैं। उपराज्यपाल ने लोगों से कहा कि उन्हें यह सुनिश्चित करना है कि हमारा समाज आतंकवादियो की मदद करने वाले तत्वों से मुक्त रहे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच छिपे आतंकी तत्वों को न्याय के कटघरे में लाएं।

मनोज सिन्हा ने कहा कि लोगों की विकासात्मक जरूरतों को पूरा करने के लिए बुनियादी ढांचे और अन्य परियोजनाओं को नई गति दी जानी चाहिए। उन्होंने जम्मू कश्मीर में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से स्थानीय और गैर-स्थानीय जैसे वाक्यांशों का इस्तेमाल बंद करने की भी अपील की। ​​

समाज को बांटने वाले बयानों से बचें

उपराज्यपाल ने कहा "मेहमान जम्मू-कश्मीर की संस्कृति को खराब कर रहे हैं या जनसांख्यिकीय आक्रमण जैसे बयान वास्तव में समस्याग्रस्त हैं और लोगों को ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए।" उपराज्यपाल ने कहा, "हम सभी भारतीय हैं। भारतीयों को स्थानीय और बाहरी लोगों में बांटना बंद करें। आपको लोगों को एकजुट करने के लिए काम करना चाहिए ताकि एकजुट समाज जम्मू कश्मीर को विकास की अधिक ऊंचाइयों पर ले जा सके।"

जम्मू कश्मीर में आतंक के खिलाफ अभियान

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर को पूरी तरह से आतंकवाद से मुक्त करने के लिए अभियान शुरू किया है। सुरक्षाबल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और आतंकियों का सफाया कर रहे हैं। इसके साथ ही आतंकियों की मदद करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस बीच उपराज्यपाल ने सभी लोगों ने इस लड़ाई में मदद करने का आव्हान किया है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाले बयानों से जिम्मेदार लोगों को बचना चाहिए। वहीं, आम लोगों से कहा कि आतंकियों के मददगारों से समाज को मुक्त करें।