1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अनंतनाग में नशे के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा, 20 जगहों पर छापेमारी; हिरासत में 13 संदिग्ध

अनंतनाग में नशे के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा, 20 जगहों पर छापेमारी; हिरासत में 13 संदिग्ध

अनंतनाग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 20 जगहों पर छापेमारी कर 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

नशे के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा।- India TV Hindi
Image Source : X/ANANTNAGPOLICE नशे के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा।

अनंतनाग: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने जिले के वाघामा इलाके में 20 जगहों पर एक साथ नार्को CASO (घेराबंदी और तलाशी अभियान) चलाया। वाघामा को जिले में नशे के हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस समन्वित अभियान के दौरान 13 कथित ड्रग तस्करों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इनके खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, इस बड़े अभियान का मकसद इलाके में सक्रिय नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े स्थानीय नेटवर्क की पहचान करना और उसे तोड़ना है। इसके साथ ही नशे की सप्लाई चेन को उसके स्रोत पर ही रोकने की कोशिश की जा रही है। अनंतनाग पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। पुलिस लगातार उन लोगों और नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो समाज में नशीले पदार्थ पहुंचाने में शामिल हैं। पुलिस ने कहा, "अनंतनाग पुलिस नशे के नेटवर्क के खिलाफ ऐसे तेज और खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान जारी रखेगी। हमारा लक्ष्य युवाओं को नशे से बचाना और ड्रग-फ्री अनंतनाग के लक्ष्य को हासिल करना है।"

NCB ने भी पकड़ा था 6.920 किलो हेरोइन

अनंतनाग पुलिस की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जम्मू जोनल यूनिट ने भी जम्मू-कश्मीर में हेरोइन की तस्करी के दो अलग-अलग रास्तों का खुलासा किया था। इससे पहले 5 सितंबर को NCB ने जम्मू डिवीजन में चार जगहों पर तस्करी की खेप पकड़ी और पंजाब में की गई एक जुड़ी कार्रवाई के साथ कुल 6.920 किलो हेरोइन जब्त की थी।

NCB के मुताबिक, सामने आए सप्लाई रूट में एक रास्ता पाकिस्तान से उरी सेक्टर के जरिए सीधे जम्मू-कश्मीर तक पहुंचता था, जबकि दूसरा रास्ता पंजाब के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से जम्मू-कश्मीर तक नशे की खेप पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। एजेंसी ने बताया कि इनमें से दो कार्रवाई जम्मू-सांबा बेल्ट की उन बस्तियों में की गईं, जिन्हें नशे से प्रभावित इलाके के तौर पर चिन्हित किया गया है।

सांबा में बस से मिली 522 ग्राम हेरोइन

NCB ने अपनी सबसे हालिया कार्रवाई 3 सितंबर को की थी। अधिकारियों ने सांबा के न्यू बस स्टैंड के पास एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान पुलवामा जिले के काकापोरा के रहने वाले एक व्यक्ति के पास से 522 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद NCB ने इस खेप के पीछे के नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच में इसका कनेक्शन पंजाब के लुधियाना से सामने आया।

लुधियाना में भी मिली 197 ग्राम हेरोइन

सांबा में जब्त की गई हेरोइन के बाद NCB ने लुधियाना में फॉलो-अप कार्रवाई की। वहां से एजेंसी ने 197 ग्राम और हेरोइन बरामद की। इस तरह सांबा-लुधियाना से जुड़े इस ऑपरेशन में अब तक कुल 719 ग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है। NCB के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो नशे की खेप की सप्लाई और वितरण में शामिल हो सकते हैं।

अनंतनाग पुलिस की 20 ठिकानों पर कार्रवाई और NCB की हालिया जांच से साफ है कि जम्मू-कश्मीर में नशे की सप्लाई चेन और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। (ANI से इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

गणेश उत्सव में 10 दिन की शराब बंदी क्यों? हाई कोर्ट ने लगाई फटकार, प्रशासन को बदलना पड़ा फैसला