श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने शनिवार को सीनियर अधिकारियों के साथ अमरनाथ यात्रा को लेकर उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। मनोज सिन्हा ने यात्रा सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तीर्थयात्रियों की आवाजाही, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, आवास, पंजीकरण की स्थिति और अन्य लॉजिस्टिकल पहलुओं की समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे आपस में मिलकर काम करें और यात्रा को सुरक्षित, सुचारू, आध्यात्मिक रूप से समृद्ध और संतोषजनक बनाने के लिए लंगर संगठनों, सेवा प्रदाताओं और अन्य NGO सहित सभी संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें।
श्रद्धालुओं से वैध पंजीकरण के बाद ही यात्रा करने की अपील
बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री बिना वैध पंजीकरण के आ रहे हैं, जिससे यात्रा करने के लिए तीर्थयात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इस पर एलजी ने इस बात पर जोर दिया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही की निर्धारित सीमा के अनुसार ही यात्रा आयोजित की जा रही है। इसलिए सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण का पालन करना अनिवार्य है।
एलजी मनीज सिन्हा कहा कि केवल निर्धारित तिथि के लिए वैध पंजीकरण वाले तीर्थयात्रियों को ही पवित्र गुफा मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए। उपराज्यपाल ने बिना पंजीकरण वाले इच्छुक तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे जम्मू-कश्मीर पहुंचने पर किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा को कुछ दिनों के लिए टाल दें।
बिना कन्फर्म पंजीकरण के यात्रा न करें
प्रशासन ने सभी इच्छुक तीर्थयात्रियों से कहा है कि वे जम्मू-कश्मीर की यात्रा शुरू करने से पहले अनिवार्य पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें और अपनी आवंटित तिथि के लिए वैध यात्रा पंजीकरण परमिट प्राप्त करें। तीर्थयात्रियों से अनुरोध है कि वे बिना कन्फर्म पंजीकरण के यात्रा न करें, क्योंकि उन्हें यात्रा पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मीटिंग में ये अधिकारी हुए शामिल
बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात, पीएचक्यू (PHQ) में विशेष डीजी (समन्वय) एस.जे.एम. गिलानी, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्रकर भारती, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के संयुक्त निदेशक पंकज ठाकुर, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ. मनदीप के. भंडारी और नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
ये भी पढ़ेंः खराब मौसम में भी अमरनाथ जा रहे श्रद्धालुओं का जोश हाई! बालटाल बेस कैंप से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पवित्र गुफा की तरफ हुए रवाना
आज से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत, पहला जत्था हुआ रवाना, जानिए भक्त कब तक कर सकेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन