1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अनंतनाग में दो जगहों पर NIA की छापेमारी, डिजिटल डिवाइस जब्त, फॉरेंसिक जांच होगी

अनंतनाग में दो जगहों पर NIA की छापेमारी, डिजिटल डिवाइस जब्त, फॉरेंसिक जांच होगी

अनंतनाग जिले में दो जगहों पर एनआईए की छापेमारी जारी है। इनमें बिजबेहरा में कथित ड्रग पेडलर गुलाम नबी हजाम का घर भी शामिल है। इसके अलावा क्रेरी दूरू में सुहैल गनी भट के घर पर भी रेड चल रही है।

NIA Raid- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एनआईए रेड

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दो जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। सीआरपीएफ जवानों और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी शनिवार सुबह चलाए गए इस अभियान में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की मदद की। इस ऑपरेशन में बिजबेहरा में सिकॉप ऑफिस और डूरू इलाके के क्रेरी गांव में एक रिहायशी घर को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ये छापेमारी एक चल रही जांच का हिस्सा है, हालांकि मामले की खास जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। शाम तक एनआईए की ओर से और जानकारी वाला एक आधिकारिक बयान आने की उम्मीद है।

सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं और उनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। एनआईए पिछले कुछ सालों से जम्मू में आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की लगातार जांच कर रही है और जम्मू-कश्मीर में टेरर-इकोसिस्टम को खत्म करने की कोशिशों के तहत कश्मीर घाटी में भी ऐसे कई ऑपरेशन चला चुकी है।

दो जगहों पर चल रही छापेमारी

एनआईए की टीमें, संबंधित पुलिसवालों के साथ, SICOP बिजबेहरा में कथित ड्रग पेडलर गुलाम नबी हजाम के घर पर रेड कर रही हैं। एनआईए की एक और रेड क्रेरी दूरू में सुहैल गनी भट के घर पर चल रही है। आगे की जानकारी का इंतजार है।

गुरुवार को कठुआ में चलाया गया तलाशी अभियान

कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने गुरुवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान बिलावर के जंगलों में उधमपुर-कठुआ सीमा के पास स्थित वन क्षेत्र में शुरू किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार देर रात बिलावर क्षेत्र के एक गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक घर का दरवाजा खटखटाया। परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, लेकिन अगले दिन उन्हें पता चला कि घर में रखा खाना गायब था। इससे उन्हें संदेह हुआ कि कोई व्यक्ति घर के अंदर घुसा था। 

पुलिस अधिकारी का बयान

कठुआ के पुलिस अधीक्षक (अभियान) प्रीतपाल सिंह ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित तलाशी अभियान चलाए जाते हैं। सिंह ने कहा, "सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित अभियान चलाए जाते हैं। जहां तक संदिग्ध गतिविधि की सूचना का सवाल है, यह सीमावर्ती इलाका है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम यह तलाशी अभियान चला रहे हैं।"

यह भी पढ़ें-

नाबालिग छात्रा की प्रेग्नेंसी के दौरान मौत मामले में एक्शन, टीचर अरेस्ट; नौकरी से भी किया गया सस्पेंड

राजौरी में खाई में गाड़ी फिसलने से हादसा, 2 लोगों की मौत; 5 घायल