A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. क्या है पीएम मोदी का ये अभियान? जिससे जुड़े उमर अब्दुल्ला, सीएम ने दीपिका पादुकोण समेत 10 लोगों को भी किया शामिल

क्या है पीएम मोदी का ये अभियान? जिससे जुड़े उमर अब्दुल्ला, सीएम ने दीपिका पादुकोण समेत 10 लोगों को भी किया शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान एक अभियान शुरू किया है। पीएम मोदी के इस खास अभियान से जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह इससे जुड़कर बहुत खुश हैं।

उमर अब्दुल्ला, पीएम मोदी और दीपिका पादुकोण- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO उमर अब्दुल्ला, पीएम मोदी और दीपिका पादुकोण

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी के अभियान से जुड़कर खुशी जताई है। सीएम अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मोटापे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान से जुड़कर खुश हैं। अब्दुल्ला ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट लिखी है। इस पर सीएम ने लिखा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मोटापे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान से जुड़कर बहुत खुश हूं।’ 

शरीर में हो जाती हैं कई गंभीर बीमारियां

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के अभियान से जुड़ने के लिए 10 लोगों को नामित किया। सीएम अब्दुल्ला ने कहा, ‘मोटापे के कारण हृदय रोग, टाइप 2 मधुमेह, पक्षाघात और सांस लेने की समस्या जैसी जीवनशैली से जुड़ी कई स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं, साथ ही चिंता और अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य स्थितियां भी पैदा होती हैं।'

सीएम ने 10 लोगों को लिया साथ

सीएम ने कहा, 'आज मैं मोटापे के खिलाफ प्रधानमंत्री के अभियान में शामिल होने के लिए इन 10 लोगों को नामित कर रहा हूं और उनसे इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए 10-10 और लोगों को नामित करने का अनुरोध कर रहा हूं।’ 

दीपिका पादुकोण और सानिया मिर्जा का भी नाम

अब्दुल्ला द्वारा नामित लोगों में बायोकॉन की प्रबंध निदेशक किरण मजूमदार शॉ, उद्योगपति सज्जन जिंदल, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, पूर्व टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान, सांसद सुप्रिया सुले और पूर्व वुशु खिलाड़ी कुलदीप हांडू शामिल हैं। 

पीएम मोदी ने शुरू किया ये अभियान

बता दें कि मोटापे के खिलाफ जंग की जोरदार वकालत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से भोजन में कम तेल का उपयोग करने और 10 प्रतिशत तेल का सेवन कम करने की चुनौती 10 अन्य लोगों को सौंपने का आग्रह किया था।