1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पुंछ में LOC के पास बारूदी सुरंग को डिफ्यूज करते वक्त विस्फोट से हादसा, 2 जवान हुए घायल

पुंछ में LOC के पास बारूदी सुरंग को डिफ्यूज करते वक्त विस्फोट से हादसा, 2 जवान हुए घायल

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी के नजदीक बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया और इस घटना में दो जवान घायल हो गए। यह हादसा बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करते वक्त हुआ।

Poonch LOC blast- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक तस्वीर) पुंछ में एलओसी के पास बारूदी सुरंग विस्फोट।

मेंढर/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LOC के पास आज (बुधवार शाम) एक बारूदी सुरंग में ब्लास्ट होने से सेना के 2 जवान घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, जवान मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उसमें ब्लास्ट हो गया।

गश्ती टीम को नजर आई थी बारूदी सुरंग

अधिकारियों ने बताया कि जख्मी जवानों को तुरंत इलाज के लिए सेना के हॉस्पिटल ले जाया गया। जान लें कि सेना की गश्ती टीम को यह बारूदी सुरंग नजर आई थी, जिसके बाद Explosive Device को निष्क्रिय करने के लिए एक्सपर्ट्स को बुलाया गया था।

बारिश में बहकर जगह से हट जाती हैं बारूदी सुरंगें

अफसरों ने बताया कि Anti-infiltration अवरोध प्रणाली के भाग के रूप में बॉर्डर के पास आगे वाले इलाकों में बारूदी सुरंगें लगाई गई हैं, जो कभी-कभी बारिश की वजह बहकर अपनी जगह से हट जाती हैं।

नलवा देगवार तेर्वन में बरामद हुआ Explosive Device

इस बीच, नलवा देगवार तेर्वन क्षेत्र में एक जंग लगा हुआ बिना फटा Explosive Device बरामद किया गया, जिसे बाद में फौज के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरह से नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह डिवाइस कथित रूप से एक हथगोला था, जिसे क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने देखा था। वहीं, सोपोर में आज सर्च ऑपरेशन के दौरान एक घर से कबाड़ के 45 गोले बरामद किए गए। इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

रिहायशी मकान से कबाड़ के 45 गोले मिले

संयुक्त तलाशी अभियान में एक रिहायशी मकान से कबाड़ के 45 गोले मिले। यह संयुक्त अभियान सोपोर पुलिस के SOG, सीआरपीएफ की 177वीं बटालियन और सेना की 52वीं राष्ट्रीय राइफल्स की तरफ से चलाया गया। यह खोजी अभियान अमलगढ़ पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले घाट निंगली और शीर कॉलोनी में किया गया। सर्च ऑपरेशन में शीर कॉलोनी के रहने वाले शाहबाज अजीज डार के घर से कबाड़ प्रकृति के 45 गोले बरामद। सुरक्षा बलों ने इन सभी गोलों को सीज कर लिया है और मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि इसके पीछे के सभी तथ्यों को मालूम किया जा सके।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- बारामूला में एक आतंकी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद, JK पुलिस और CRPF को मिली बड़ी सफलता