A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कुदरत के कहर से बेहाल जम्मू, फंसे लोगों को निकालने के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

कुदरत के कहर से बेहाल जम्मू, फंसे लोगों को निकालने के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

भारी बारिश के चलते जम्मू में फंसे हुए पर्यटकों को निकालने के लिए जम्मू स्टेशन से नई दिल्ली तक रेलवे ने एक स्पेशल ट्रेन चलाई है।

भारी बारिश और बाढ़ से जम्मू बेहाल- India TV Hindi
Image Source : PTI भारी बारिश और बाढ़ से जम्मू बेहाल

जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और बाढ़ की वजह से रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसकी वजह से सैकड़ों यात्री, खासकर माता वैष्णो देवी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्री जम्मू रेलवे स्टेशन पर फंस गए हैं। यात्रियों की भारी असुविधा को देखते हुए उत्तर रेलवे ने गुरुवार को जम्मू से नई दिल्ली के लिए एक विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई।

बाढ़ की चपेट में रेलवे ट्रैक और पुल

बुधवार को भारी बारिश के कारण हुए नुकसान के चलते जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 58 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि 64 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया या उनके गंतव्य बदल दिए गए। जम्मू-पठानकोट सेक्शन में रेलवे ट्रैक और पुल बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

जम्मू से दिल्ली के लिए रवाना ट्रेन

रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए यह विशेष ट्रेन जम्मू से दिल्ली के लिए रवाना की गई है। यह ट्रेन कठुआ और पठानकोट छावनी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी, ताकि रास्ते में फंसे यात्री भी इसका लाभ उठा सकें।

परेशान यात्री बोले- हम घर कैसे जाएंगे?

फंसे हुए यात्रियों में से एक कानपुर निवासी बबीता जायसवाल ने अपनी परेशानी शेयर करते हुए कहा, "हम दो दिन कटरा में थे, लेकिन हमें जम्मू जाने को कहा गया, क्योंकि वहां से ट्रेनें चल रही थीं। हम जैसे-तैसे बस से जम्मू पहुंचे, लेकिन यहां कोई ट्रेन या बस उपलब्ध नहीं है। रहने की कोई जगह नहीं है और न ही शौचालय की कोई व्यवस्था। हम घर कैसे जाएंगे?"

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह कुछ समय के लिए रेल यातायात बहाल हुआ था और जम्मू से छह ट्रेनें रवाना हुई थीं, लेकिन चक्की नदी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और मिट्टी के कटाव के कारण परिचालन फिर से रोकना पड़ा। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

निक्की मर्डर केस: पहली बार कैमरे के सामने आई कंचन, कहा- 'घटना के समय सब घर पर थे'

संभल में हिंदू 45% से घटकर 20% कैसे हो गए, दंगों के लिए कौन जिम्मेदार? जांच कमेटी की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे