1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. राजौरी में खाई में गाड़ी फिसलने से हादसा, 2 लोगों की मौत; 5 घायल

राजौरी में खाई में गाड़ी फिसलने से हादसा, 2 लोगों की मौत; 5 घायल

राजौरी में बड़ा हादसा हो गया है। यहां सवारियों से भरी एक कार खाई में फिसल गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इलाज के दौरान दोनों की मौत हुई है।

Rajouri Accident- India TV Hindi
Image Source : ANI (प्रतीकात्मक फोटो) राजौरी में खाई में गिरी कार।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आज (रविवार को) बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ईको गाड़ी गहरी खाई में गिर गई, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य जख्मी हो गए। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनमें से एक की हालत बहुत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

खाई में फिसल गई गाड़ी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब गाड़ी राजौरी की कंडी-मोहरा रोड पर जा रही थी। कोटरांका सब-डिविजन में खाई में गिरने से पहले गाड़ी सड़क से फिसल गई, जिससे उसमें सवार सभी 7 लोग घायल हो गए।

इलाज के दौरान हुई 2 लोगों की मौत

उन्होंने आगे बताया कि जख्मी लोगों को पहले कोटरांका के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां से उन्हें राजौरी के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। अफसरों के मुताबिक, GMC हॉस्पिटल में 2 घायलों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान धार सकरी गांव के निवासी खादिम हुसैन और रेहान गांव की रहने वाली शमीम अख्तर के रूप में हुई है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

अफसरों ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम घायलों का इलाज कर रही थी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवार वालों को सौंपा जाएगा। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद कार में सवार लोगों को खाई से निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

हाल में चिनाब में फिसलकर गिर गई थी कार

इससे पहले हाल ही में जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बड़ा हादसा हो गया था। यहां स्कॉर्पियो, चिनाब नदी में गिर गई थी। इस घटना में 5 लोगों के मारे जाने की आशंका है। यह कार डंगडारू से साउंडर की तरफ जा रही थी, जब सुबह लगभग 10 बजकर 50 मिनट पर यैनवान, डंगडारू में यह दुर्घटना हुई थी। यह गाड़ी में फिसलकर चिनाब नदी में गिर गई थी, जिससे बड़ी दुर्घटना हो गई थी। LG मनोज सिन्हा ने भी इस घटना पर दुख जताया था।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें- पुंछ में LOC के पास बारूदी सुरंग को डिफ्यूज करते वक्त विस्फोट से हादसा, 2 जवान हुए घायल