1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. भारी बारिश के बाद सलाल डैम के सारे गेट खोले गए, पूरी तरह उफान पर चिनाब नदी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

भारी बारिश के बाद सलाल डैम के सारे गेट खोले गए, पूरी तरह उफान पर चिनाब नदी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भारी बारिश के बाद चिनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके चलते सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Chenab River Flood, Salal Dam Gates Opened, Jammu Kashmir Heavy Rain- India TV Hindi
Image Source : ANI रियासी जिले में भारी बारिश के बाद सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए।

Highlights

  • भारी बारिश के बाद सलाल बांध के सभी गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा गया।
  • चिनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, निचले इलाकों के लोगों को अलर्ट जारी।
  • राजौरी में भी बारिश का कहर, प्रशासन ने बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी।

रियासी/राजौरी: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण चिनाब नदी और सलाल बांध के जलाशय में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए मंगलवार को सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए, ताकि अतिरिक्त पानी को सुरक्षित तरीके से छोड़ा जा सके और जलाशय का स्तर नियंत्रित रखा जा सके। पिछले कई घंटों से रियासी क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके चलते चिनाब नदी में पानी की आवक काफी बढ़ गई, जिससे बांध के जलाशय में भी जलस्तर तेजी से ऊपर पहुंच गया। अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद चिनाब नदी का जलस्तर और बहाव दोनों काफी बढ़ गए हैं।

'नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही'

प्रशासन ने खासकर चिनाब नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को नदी के पास जाने और उसके किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मौसम और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भी मंगलवार तड़के से भारी बारिश हो रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और राजौरी पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

'बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें'

प्रशासन ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है और अचानक बाढ़, भूस्खलन तथा जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही नदियों, नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें। लोगों को जलमग्न सड़कों और पुलों को पार करने की कोशिश नहीं करने तथा प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी अपडेट और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

'आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें'

प्रशासन ने यह भी कहा है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, लोग अपने घरों के अंदर ही रहें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने को कहा गया है। राजौरी पुलिस ने भी तत्काल चेतावनी जारी करते हुए कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर बहुत तेजी से बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बता दें कि भारी बारिश की वजह से जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मौसम का कहर बरसना जारी है। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भूस्खलन की चपेट में आया मकान, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत