1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, कठुआ से आतंकियों का प्रमुख मददगार हाजी लतीफ गिरफ्तार

अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, कठुआ से आतंकियों का प्रमुख मददगार हाजी लतीफ गिरफ्तार

अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकियों के मददगार को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि हाजी लतीफ लंबे समये से जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों की मदद करता रहा है।

आतंकियों का मददगार हाजी लतीफ- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आतंकियों का मददगार हाजी लतीफ

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कठुआ पुलिस ने रातभर चले एक विशेष अभियान में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के मददगार हाजी लतीफ को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकवाद के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई मान रही हैं।

आतंकी हमले में सहयोग देने का आरोप

प्रारंभिक जांच के अनुसार, हाजी लतीफ पर पाकिस्तान से भारत में आतंकियों की घुसपैठ कराने और सुरक्षा बलों पर हुए कई आतंकी हमलों में सहयोग देने का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसने सियालकोट सेक्टर के रास्ते करीब 12 पाकिस्तानी आतंकियों की भारत में घुसपैठ कराने में अहम भूमिका निभाई थी।

बड़े आतंकी कमांडरों ने हाजी लतीफ से किया था संपर्क

सूत्रों के मुताबिक, भारत में घुसपैठ के बाद जैश-ए-मोहम्मद के कई बड़े आतंकी कमांडरों ने हाजी लतीफ से संपर्क किया था। एजेंसियों का कहना है कि वह आतंकियों को ठिकाने, रसद और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय रहा है।

ISI के संपर्क में भी था हाजी लतीफ

जांच में यह भी सामने आया है कि हाजी लतीफ पिछले करीब दो दशकों से जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों की मदद करता रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह घुसपैठ की साजिशों को अंजाम देने के लिए लंबे समय से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के शीर्ष अधिकारियों के संपर्क में था।

शुरू हुआ ऑफलाइन पंजीकरण

बता दें कि अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण बुधवार को शुरू हो गया है। हालांकि, इससे एक दिन पहले ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु निर्धारित केंद्रों पर जमा हो गए। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा गुरुवार को यहां भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना करेंगे। 

3 जुलाई से शुरू होने वाली है अमरनाथ यात्रा

एक अधिकारी ने बताया कि 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की 57 दिनों की यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने वाली है। यह यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवां-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से होगी। अब तक लगभग 4 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। 

शाम सधोत्रा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ले. गवर्नर मनोज सिन्हा पहले जत्थे को करेंगे रवाना

अमरनाथ यात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 2 जुलाई से इन रास्तों पर शाम 5 बजे बाद प्रतिबंध