जम्मू कश्मीर के सोनमर्ग में गुरुवार को बहुत तेज आंधी चली। इस आंधी में खुले में रखा सामान उड़ गया और लोगों को काफी नुकसान हुआ। टूरिस्ट स्पॉट पर बच्चों के खेलने के लिए बनाए गए झूले और अन्य स्टॉल भी आंधी की चपेट में आ गए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनमर्ग टूरिस्ट डेस्टिनेशन में तेज हवा का झोंका आया, जिससे बच्चों और परिवारों के लिए लगाए गए कई स्टॉल खराब हो गए। ये लोग यहां बकरीद के त्योहार के माहौल का मजा ले रहे थे।
अचानक आए हवा के तेज झोंकों ने त्योहार में खलल डाला और इलाके में मौजूद टूरिस्ट और दुकानदारों में घबराहट पैदा कर दी। चश्मदीदों ने बताया कि बच्चों के लिए बनाए गए टेम्पररी स्टॉल और मनोरंजन की जगहों पर तेज हवाओं का बहुत बुरा असर पड़ा। खबर है कि इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया और उसे इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया।
तेज हवाओं के साथ बारिश
जम्मू कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से निजात भी मिला। सोनमर्ग में तेज हवाओं ने फिशिंग पॉइंट पर लगे ट्रैंपोलिन को उखाड़ कर उड़ा दिया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए भेज दिया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि ट्रैंपोलिन हवा में उड़ता हुआ इधर-उधर जा रहा है, जिससे आसपास दहशत फैल गई।
प्री-मॉनसून का असर
जानकारी के अनुसार प्री-मॉनसून या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। प्री-मॉनसून के कारण अक्सर कश्मीर में तेज हवाओं के साथ बारिश होती है। ऐसे में टूरिस्ट्स को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। खासकर खुले इलाकों और एडवेंचर स्पोर्ट वाली जगहों पर विशेष सावधानी की जरूरत होती है।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर: आतंक के खिलाफ भारतीय सेना का बड़ा ऑपरेशन, छठे दिन भी ठिकानों पर बरसाए गए गोले
कश्मीर घूमने जाने वालों के लिए जरूरी सूचना, एशिया की सबसे बड़ी चेयर कार गोंडोला सर्विस एक सप्ताह के लिए बंद