A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में ड्रग स्मगलर के घर पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया था मकान

जम्मू-कश्मीर में ड्रग स्मगलर के घर पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया था मकान

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस ने ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत कथित ड्रग तस्कर हिलाल अहमद शेख का अवैध मकान बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार मकान सरकारी जमीन पर कब्जा कर और ड्रग तस्करी से कमाए पैसे से बनाया गया था।

Jammu Kashmir Bulldozer Action, Srinagar Drug Smuggler House Demolished, NDPS Act Case- India TV Hindi
Image Source : ANI श्रीनगर पुलिस ने ड्रग तस्करी के आरोपी शख्स के मकान पर बुलडोजर चला दिया।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पालपोरा नूरबाग इलाके में एक कथित ड्रग तस्कर के अवैध रूप से बने मकान को ध्वस्त कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यह मकान सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया गया था। पुलिस ने बताया कि हिलाल अहमद शेख नाम के शख्स पर आरोप है कि उसने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान खड़ा किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।

'ड्रग तस्करी से कमाए गए पैसों से बना था मकान'

आरोपी के खिलाफ इस मामले में थाना खनयार में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत FIR संख्या 06/2025 दर्ज है। वहीं थाना सफाकदल में NDPS एक्ट की धारा 8/20 और 22 के तहत FIR संख्या 47/2026 भी दर्ज की गई है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह मकान नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाए गए पैसे से बनाया गया था। अधिकारियों ने पाया कि निर्माण राजस्व कानूनों और कानूनी प्रक्रियाओं का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए किया गया था।

'सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद कार्रवाई'

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के करीबी सहयोगी और परिवार के कुछ सदस्य भी घाटी में NDPS एक्ट के कई मामलों में कथित रूप से शामिल हैं। इससे एक बड़े ड्रग नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय के बाद अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए कड़ा संदेश है जो नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संपत्ति खड़ी करते हैं।

'घाटी में ड्रग तस्करी के खिलाफ एक्शन जारी रहेगा'

पुलिस ने साफ किया कि ड्रग तस्करी से बनाई गई किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। श्रीनगर पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराते हुए लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें, ताकि युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सके। बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपराधियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने का अभियान शुरू किया था, जिसे बाद में अन्य प्रदेशों की सरकारों ने भी अपना लिया।