श्रीनगर: बुधवार को कश्मीर में ठंड और बढ़ गई तथा श्रीनगर में मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई जहां तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि घाटी में अधिकतर जगहों पर पारा शून्य से नीचे चला गया है। स्थानीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में कल रात का तापमान इस मौसम के सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम था।
कोनिबल घाटी का सबसे ठंडा इलाका
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में स्थित कोनिबल घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम टूरिस्ट रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 4. 6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने 2 दिसंबर तक पूरे कश्मीर में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है और रात के तापमान में और गिरावट की संभावना व्यक्त की गई है।
शीत क्षेत्रों में स्कूलों के लिए सर्दी की छुट्टियां घोषित
जम्मू-कश्मीर सरकार ने मंगलवार को कश्मीर घाटी और जम्मू के शीत क्षेत्रों के स्कूलों के लिए शीतकालीन छुट्टियों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी।प्री-प्राइमरी कक्षाओं में शीतकालीन अवकाश बुधवार से शुरू हो गया जबकि कक्षा एक से आठ तक के छात्रों का शैक्षणिक कार्य एक दिसंबर को समाप्त होगा।
नौ से 12 तक की कक्षाएं 11 दिसंबर से बंद
कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं 11 दिसंबर से बंद होंगी। कक्षा आठ तक के स्कूलों के अगले वर्ष एक मार्च को पुनः खुलने का कार्यक्रम है, जबकि इससे ऊपर की कक्षाएं 22 फरवरी को एक सप्ताह पहले ही शुरू हो जाएंगी। सरकार ने कहा कि यह निर्णय पिछले सप्ताह कश्मीर में तापमान के जमाव-बिंदु से कई डिग्री नीचे चले जाने को देखते हुए लिया गया है।