A
Hindi News जम्मू और कश्मीर पुंछ के पास LOC में फिर दिखे संदिग्ध ड्रोन, सेना ने की कई राउंड की फायरिंग, चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पुंछ के पास LOC में फिर दिखे संदिग्ध ड्रोन, सेना ने की कई राउंड की फायरिंग, चलाया गया सर्च ऑपरेशन

बॉर्डर के पास संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद भारतीय सेना के जवान सक्रिय हो गए। जवानों ने कई राउंड की फायरिंग की। इसके बाद ड्रोन वापस चले गए।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक बार फिर ड्रोन देखे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर एक संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट का पता चलने के बाद सिक्योरिटी फोर्स ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह सर्च ऑपरेशन गुलपुर बेल्ट के आगे के इलाकों में किया गया।

संदिग्ध ड्रोन पर सेना ने की कई राउंड की फायरिंग

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध हवाई मूवमेंट के दौरान सुरक्षा उपायों के तहत सैनिकों ने कई राउंड फायरिंग की और बाद में वह चीज LoC से पीछे हट गई। इसके बाद भी सेना की टीम मौके पर डटी रही। संदिग्ध ड्रोन पर नजर बनाए हुए है।

पुंछ से हथियारों का जखीरा हुआ था बरामद

वहीं, दूसरी ओर सुरक्षा बलों ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के एक सीमावर्ती गांव में आतंकवादियों के ठिकाने का पता लगाया और दो विस्फोटक (IED) एवं एक पिस्तौल सहित हथियारों का जखीरा बरामद किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

दो हथगोले और पिस्तौल के 24 कारतूस भी 

अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी मेंढर क्षेत्र के सैलानी कसबलारी गांव में सेना और स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) द्वारा चलाए गए एक संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान की गई। उन्होंने बताया कि एक गुफा के भीतर छिपाकर रखे गए इन सामान में दो हथगोले और पिस्तौल के 24 कारतूस भी शामिल थे। 

चलाया गया संयुक्त अभियान

सेना की 'व्हाइट नाइट कोर' ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'अपने स्रोतों और पुलिस से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर व्हाइट नाइट कोर के जवानों और एसओजी पुंछ ने मिलकर गनी वन क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया। इसमें कहा गया, 'अभियान के तहत विस्तृत तलाशी के दौरान मौके से एक बड़ा IED (4.5 किलोग्राम), एक छोटा आईईडी (800 ग्राम), दो चीनी हथगोले, नौ एमएम की एक पिस्तौल, नौ एमएम के दो कारतूस और 7.62 एमएम के 22 कारतूस बरामद किए गए।'