1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में तुर्की और चीन की बनी पिस्तौलें बरामद, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

कश्मीर में तुर्की और चीन की बनी पिस्तौलें बरामद, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में पुलिस और सेना ने जॉइंट ऑपरेशन में अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। एक संदिग्ध से तुर्की निर्मित पिस्तौल बरामद होने के बाद आगे की जांच में चीन निर्मित पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले।

Baramulla arms seizure, Kashmir illegal weapons network- India TV Hindi
Image Source : ANI बारामूला में जॉइंट ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मी।

बारामूला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस और सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर एक अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में विदेशी निर्मित पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि यह मामला किसी बड़े अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इस मामले में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

गाड़ियों की जांच के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध

पुलिस के मुताबिक, 7 जून 2026 को बारामूला पुलिस और 52 राष्ट्रीय राइफल्स ने चंदसूमा, कनिसपोरा स्थित FCI गोदाम के पास एक मोबाइल वाहन जांच चौकी स्थापित की थी। इसी दौरान श्रीनगर से बारामूला की ओर जा रही एक सफेद रंग की मारुति ब्रेज़ा कार को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी के दौरान सहयात्री के बैग से तुर्की में निर्मित CANIK TP9SF METE (9x19 मिमी) पिस्तौल बरामद हुई। सहयात्री की पहचान उरी के कमलकोट निवासी वकील अहमद थीकरी के रूप में हुई। वह हथियार के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या कानूनी अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

ड्राइवर ने हथियारों के बारे में जानकारी से किया इनकार

कार के ड्राइवर ने दावा किया कि वह केवल सवारी को लेकर जा रहा था और उसे हथियार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद बारामूला पुलिस ने 7 जून को स्थानीय थाने में शस्त्र अधिनियम की धारा 7/25 के तहत FIR संख्या 70/2026 दर्ज की। बरामद पिस्तौल को जब्त कर लिया गया और हथियार के स्रोत तथा उसके संभावित इस्तेमाल की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर 8 जून 2026 को पुलिस ने उरी के कमलकोट क्षेत्र के कलसी हार्डू इलाके में एक और तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी अभियान में पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

कार्यपालक मजिस्ट्रेट, स्थानीय लंबरदार और चौकीदार की मौजूदगी में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने एक चीन निर्मित पिस्तौल, 2 मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दूसरी बरामदगी इस मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता है। इससे संकेत मिलता है कि अवैध हथियारों की खरीद, भंडारण और आवाजाही में शामिल एक बड़े नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये हथियार कहां से आए, इन्हें क्यों रखा गया था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।