Happy teachers day 2019: भारत समेत पूरे विश्व में शिक्षक दिवस छात्रों व शिक्षकों के बीच बेहद अहम माना जाता रहा है। भारत में शिक्षक दिवस पांच सितंबर को मनाया जाता है। भारत के पहले उप-राष्ट्रपति व दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस पूरे देशभर में मनाया जाता है।
भारत में शिक्षक दिवस यूं तो पांच सितंबर को मनाया जाता है लेकिन विश्वभर में ऐसे कई देश हैं, जहां यह किसी अन्य दिन मनाया जाता है। शिक्षक दिवस मनाए जाने की परंपरा कोई बहुत ही पुरानी नहीं है। यह परंपरा करीब 20वीं सदी के इर्द-गिर्द ही शुरू हुई। आइए जानते हैं, ऐसे ही देशों के बारे में जहां शिक्षक दिवस पांच सितंबर नहीं बल्कि किसी अन्य दिन मनाया जाता है
रूस :
सन् 1965 से लेकर सन् 1994 तक रूस में शिक्षक दिवस अक्टूबर के पहले रविवार को मनाया जाता था। इसके बाद वर्ष 1994 में यूनेस्को ने इसके लिए पांच अक्टूबर की तारीख तय कर दी, तभी से रूस में शिक्षक दिवस हर साल पांच अक्टूबर को मनाया जाता रहा है।
थाईलैंड :
थाईलैंड में शिक्षक दिवस ना तो सितंबर में मनाया जाता है और ना ही यूनेस्को के द्वारा बनाई गई आधिकारिक तारीख पांच अक्टूबर को। यहां हर साल शिक्षक दिवस 16 जनवरी को मनाया जाता है। शिक्षक दिवस मनाए जाने की तारीख को यहां की सरकार ने 21 नवंबर, 1956 को एक बैठक के बाद तय किया था। इसके बाद वर्ष 1957 में पहली बार शिक्षक दिवस मनाया गया। तब से यहां शिक्षक दिवस मनाया जाता रहा है। बताया जाता है कि शिक्षक दिवस के दिन यहां के सभी स्कूलों को बंद रखा जाता है।