A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: 17 साल से फरार कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बदला भेष, मुस्लिम बनकर जयपुर से किया गिरफ्तार

MP: 17 साल से फरार कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बदला भेष, मुस्लिम बनकर जयपुर से किया गिरफ्तार

17 साल से फरार कैदी अब्दुल को पकड़ने के लिए पुलिस को भेष बदलना पड़ा। मुस्लिम बनकर पुलिस ने कैदी की हरकतों पर नजर रखी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

सागर: हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काटते समय फरार हुआ शातिर आरोपी आखिरकार 17 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सागर पुलिस ने राजस्थान के जयपुर में फिल्मी अंदाज में भेष बदलकर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे फिर जेल भेज दिया गया। 

2011 में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ था आरोपी

नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2009 में कैंट थाना क्षेत्र में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। प्रकरण में आरोपी अब्दुल राज को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और वह सागर केंद्रीय जेल में बंद था। वर्ष 2011 में आरोपी ने बीमारी का बहाना बनाकर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद से वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। फरारी के दौरान उसके खिलाफ उच्च न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। 

 नगर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पिछले 6-7 महीनों से आरोपी की तलाश तेज कर दी गई थी। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर उसके जयपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम जयपुर पहुंची और करीब एक सप्ताह तक स्थानीय स्तर पर रहकर निगरानी करती रही।

मुस्लिम की भेष भूषा में रहकर पुलिस ने रखी नजर

पुलिस ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए टीम ने इलाके के माहौल के अनुरूप वर्ग विशेष समुदाय के भेष में रहकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार निगरानी के बाद उचित अवसर मिलते ही दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या के अलावा पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला भी सागर के गोपालगंज थाने में दर्ज है। उसे सागर लाकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

रिपोर्ट- टेकराम, सागर