1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. हत्या के आरोपी को जमानत मिली तो निकाली गैंगस्टर स्टाइल रैली, बोलेरो के बोनट पर बैठकर पी सिगरेट, वीडियो वायरल

हत्या के आरोपी को जमानत मिली तो निकाली गैंगस्टर स्टाइल रैली, बोलेरो के बोनट पर बैठकर पी सिगरेट, वीडियो वायरल

हत्या के मामले में 14 महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आए मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल ने साथियों के साथ बाइक रैली निकाली। बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

satna- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार के बोनट पर बैठा आरोपी।

मध्य प्रदेश के सतना में हत्या के एक मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी का अंदाज देखकर सतना में लोग हैरान रह गए। मंगलवार को जेल से रिहा होते ही मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल ने अपने साथियों के साथ ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, मानो किसी गैंगस्टर की रिहाई का जश्न मनाया जा रहा हो। जेल के बाहर साथियों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठ गया और सिगरेट पीते हुए बाइक रैली के साथ शहर की सड़कों पर निकल पड़ा। जेल से सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित उसके घर तक निकाली गई इस रैली का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जेल से निकलते ही शुरू हुआ जश्न, शहर की सड़कों पर निकला काफिला

मंगलवार देर शाम हुई रिहाई के बाद आरोपी और उसके साथियों का काफिला जेल परिसर से रवाना हुआ। बोलेरो और बाइक के साथ यह जुलूस बिड़ला रोड होते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी पहुंचा। इस दौरान मान सिंह बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया। साथियों के साथ निकाली गई इस रैली में उसका अंदाज चर्चा का विषय बन गया है। गंभीर हत्या के मामले में आरोपी रहे व्यक्ति के इस तरह खुलेआम शक्ति प्रदर्शन से लोगों में नाराजगी और दहशत की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस की संभावित कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

14 महीने पहले गोली मारकर हुई थी 16 वर्षीय सत्यम की हत्या

मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में जेल में बंद था। यह घटना 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रताप अपने दोस्त आदित्य के साथ चाय पीने के बाद बस स्टैंड जाने के लिए बाइक पर बैठ रहा था। इसी दौरान पुराने परिचित वेद मिश्रा, आयुष द्विवेदी उर्फ बेटू किंग, अर्पित तिवारी, सचिन पाल, बेटू सिंगरौल और सत्यम शुक्ला वहां पहुंचे। बताया गया कि वेद मिश्रा ने सूर्यप्रताप से विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच आयुष ने उसका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर वेद ने कट्टे से फायर कर दिया। सूर्यप्रताप ने झुककर खुद को बचा लिया। गोली चलने से नाराज सत्यम ने साथियों से कट्टा रखने को कहा, लेकिन इसके बाद विवाद ने दूसरा मोड़ ले लिया।

अस्पताल के गेट पर छोड़कर भागे थे आरोपी, रास्ते में हुई मौत

आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सचिन पाल ने सत्यम के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल के अंदर ले जाने के बजाय बिरला हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर फरार हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम को रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल अपने तीन अन्य साथियों के साथ करीब 14 महीने से जेल में बंद था। अब जमानत पर रिहाई के बाद निकाली गई रैली और उसका वीडियो चर्चा में है। गंभीर आपराधिक मामले के आरोपी के इस तरह सड़क पर शक्ति प्रदर्शन और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: Ramayana First Review: 'रामायण' देखकर गदगद हुए आशीष चंचलानी, बोले- भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर