1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. प्रोफेसर ने बस में महिला से की छेड़छाड़ और जान से मारने की दी धमकी, छात्रों ने फूंका पुतला, इस्तीफे की उठी मांग

प्रोफेसर ने बस में महिला से की छेड़छाड़ और जान से मारने की दी धमकी, छात्रों ने फूंका पुतला, इस्तीफे की उठी मांग

कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हुए और प्रोफेसर के खिलाफ बयानबाजी की। गुस्साए छात्र हाथों में तख्ती लिए हुए थे, जिन पर लिखा था कि अन्याय करने वालों इस्तीफा दो, इस्तीफा दो।

आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन शासकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। अमरपाटन थाने में मामला दर्ज होने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। 

प्रोफेसर के खिलाफ नारेबाजी

शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन के छात्र-छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सैकड़ों छात्राएं कॉलेज परिसर में धरने पर बैठी हैं। लगातार नारेबाजी कर रही हैं। चिलचिलाती धूप के बावजूद छात्राएं तख्तियां लेकर डटी हुई हैं। 

तख्तियों पर लिखे संदेश, 'डर के आगे नहीं झुकेंगे… न्याय लेकर रुकेंगे'। उनके आक्रोश और न्याय की मांग को साफ दर्शाते हैं। छात्राएं आरोपी प्रोफेसर के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।

बस में महिला संग छेड़छाड़ का आरोप

मामले में महिला ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर बस में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, वह बीते कल सुबह करीब 11 बजे सतना से अमरपाटन बस से आ रही थी। भटनवारा के पास सीट खाली होने पर आरोपी उसके पास आकर बैठ गया और अश्लील हरकतें करने लगा।

प्रोफेसर पर FIR दर्ज

महिला ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। यह वीडियो अब मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

प्रोफेसर का दहन किया गया पुतला

पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं ने प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की और सिन्हा का पुतला दहन किया और कमिश्नर के नाम छात्रों ने निलंबित का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।