1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 39 किलो की लड़की के ओवरी से निकाली गई 8 किलो की गांठ; डॉक्टर भी रह गए दंग

39 किलो की लड़की के ओवरी से निकाली गई 8 किलो की गांठ; डॉक्टर भी रह गए दंग

इंदौर में एक लड़की की ओवरी से 8 किलोग्राम वजन की गांठ निकाली गई है। इस घटना को लेकर डॉक्टरों ने भी हैरानी जताई है। डॉक्टरों ने बताया कि लड़की काफी समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी, जिसकी जांच की गई तो ओवरी में गांठ का पता चला।

ओवरी से निकाली गई 8 किलो की गांठ।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE ओवरी से निकाली गई 8 किलो की गांठ।

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इसे जानने के बाद न सिर्फ आम लोग बल्कि डॉक्टर भी खुद हैरानी में हैं। दरअसल, यहां डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी के जरिये एक लड़की के ओवरी (अंडाशय) से 8 किलो की गांठ निकाली है। बताया जा रहा है कि 15 वर्षीय लड़की के पेट में काफी समय से दर्द की शिकायत थी। इसके बाद इसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ओवरी से गांठ को बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। वहीं ओवरी से लगभग आठ किलो वजनी गांठ निकालने के बाद लड़की को नया जीवन प्राप्त हुआ है।

आठ किलो की गांठ निकाली बाहर

दरअसल, शहर के एक सरकारी अस्पताल की एक अधिकारी ने मंगलवार को पूरे मामले के बारे में जानकारी दी। इंदौर में मौजूद शासकीय महाराजा तुकोजीराव चिकित्सालय (MTH) की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित्रा यादव ने इस सफल सर्जरी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि 15 वर्षीय लड़की सांस लेने में परेशानी, पेट दर्द और अन्य दिक्कतों की शिकायत कर रही थी। अस्पताल में उसकी जांच की गई तो उसकी ओवरी में गांठ का पता चला। उन्होंने बताया,‘‘सर्जरी के दौरान हम अंडाशय की भारी-भरकम गांठ देखकर हैरान रह गए। गांठ को बाहर निकालकर तौले जाने पर इसका वजन लगभग आठ किलोग्राम निकला।’’ 

तीन घंटे तक चली सर्जरी

शासकीय महाराजा तुकोजीराव चिकित्सालय (MTH) की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित्रा यादव ने बताया कि तीन घंटे चली जटिल सर्जरी से पहले लड़की का वजन 39 किलोग्राम था। इसमें करीब आठ किलोग्राम की गांठ का भार भी शामिल है। उन्होंने बताया,‘‘सर्जरी के बाद लड़की की हालत एकदम ठीक है। अगर भारी-भरकम गांठ नहीं निकाली जाती, तो मरीज की जान को खतरा हो सकता था।’’ डॉ. सुमित्रा यादव ने बताया कि लड़की के ओवरी से निकाली गई गांठ के नमूने को ‘हिस्टो पैथोलॉजी’ जांच के लिए भेजा गया है, ताकि पता चल सके कि कहीं वह कैंसर से पीड़ित तो नहीं है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

मराठी को लेकर फिर आक्रामक हो रही MNS, मारपीट की घटनाओं के बाद अब बैंकों को दे डाली चेतावनी

सड़क पर गिरकर तड़प रहा था शख्स, SI ने रुककर दी CPR; सामने आया Video