A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश के खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल, बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, धर्मगुरु पर टिप्पणी से गरमाया मामला

मध्य प्रदेश के खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल, बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, धर्मगुरु पर टिप्पणी से गरमाया मामला

खंडवा के मोघट थाने में भीड़ ने हंगामा किया। सोशल मीडिया पर मुस्लिम धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया और केस दर्ज करने की मांग की। वहीं, पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल- India TV Hindi
Image Source : REPORTER खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मोघट रोड थाने में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जमकर बवाल हुआ है। मुस्लिम समाज के धर्मगुरु पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए। भीड़ को कंट्रोल करने पुलिस बल प्रयोग करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, समाज की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर किया, लेकिन समाज के लोगों ने मोघट रोड थाने को घेर लिया। रात के समय थाने के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस 

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर स्थिति शांत करने की कोशिश की, लेकिन माहौल लगातार गर्म होता गया। कुछ लोगों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। मौके पर मौजूद भीड़ बेकाबू हो गई।

इस दौरान स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती करनी पड़ी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग इधर-उधर भागने लगे।

यहां देखें वीडियो

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर कार्रवाई

पुलिस का कहना है, कि जो लोग कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए मौके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

रिपोर्ट: प्रतीक मिश्रा, खंडवा