मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में ऑटो पार्किंग को लेकर हुआ विवाद थाने के भीतर हंगामे में बदल गया। मामला मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात का है, जहां ऑटो पार्किंग के विवाद को लेकर पहुंचे कुछ बदमाशों ने थाने में पुलिसकर्मियों के साथ ही मारपीट शुरू कर दी और झीनाझपटी में पुलिस की वर्दी तक फाड़ दी। निगरानीशुदा बदमाश अभिषेक राय उर्फ लड्डू ऑटो पार्किंग विवाद में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे दूसरे पक्ष को धमकाने लगा और साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर वर्दी फाड़ दी, जिसके बाद पुलिस ने अभिषेक राय को गिरफ्तार कर बुधवार शाम उसका सार्वजनिक जुलूस निकाला।
ऑटो पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, ये पूरा मामला ऑटो पार्किंग को लेकर हुए विवाद से जुड़ा था। मंगलवार को दो पक्षों में ऑटो पार्किंग को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर हबीबगंज थाने पहुंचे। इसी दौरान निगरानीशुदा बदमाश अभिषेक राय उर्फ लड्डू अपने 5-6 साथियों संग थाने में घुस आया और दूसरे पक्ष को धमकाने लगा। आरोप है कि थाने में घुसने के बाद अभिषेक राय ने न सिर्फ दूसरे पक्ष को धमकाया और बाहर देख लेने की चेतावनी दी, बल्कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की करने लगा।
पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की
पुलिसकर्मियों ने जब आरोपी को समझाने की कोशिश की और अपने साथियों के साथ बाहर जाने की हिदायत दी, तो वह पुलिस से ही उलझ गया और धक्का-मुक्की करने लगा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मुख्य आरोपी लड्डू और रोहन जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी का निकाला जुलूस
जांच के आधार पर मामले में अमित राय, अनिल, आकाश और प्रेम कुमार को भी नामजद किया गया है। सभी आरोपी साईं बाबा कॉलोनी के निवासी हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। वहीं मुख्य आरोपी अभिषेक राय को गिरफ्तार कर उसका इलाके में जुलूस निकाला। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है और अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।
ये भी पढ़ेंः त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर सख्त CM मोहन यादव, कार्बाइड गन और अवैध पटाखों पर रोक के निर्देश