1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल में 12 घंटे की बारिश से जलभराव, निचले इलाकों में घुसा पानी, स्कूल बंद

भोपाल में 12 घंटे की बारिश से जलभराव, निचले इलाकों में घुसा पानी, स्कूल बंद

भोपाल में लगातार 12 घंटे हुई बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। शहर के निचले इलाकों में सड़कें और गलियां पानी में डूब गई हैं।

bhopal rain- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बारिश से भोपाल के कई इलाकों में भरा पानी

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लगातार करीब 12 घंटे हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। शहर के निचले इलाकों में हालात और बिगड़ चुके हैं। यहां बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया। वहीं भारी बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

कमर तक भरा पानी

भोपाल के निशातपुरा इलाके के शिव नगर और गीता नगर में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं, जहां कई जगहों पर कमर तक पानी भर गया है।  बारिश का पानी लोगों के घरों में भी घुस गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों का पानी भी घरों में प्रवेश कर रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों में पानी भरने के कारण जरूरी सामान और घरेलू उपयोग की चीजों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द पानी की निकासी कराने और प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने की मांग की है। इस बीच भोपाल कलेक्टर ने जिले में भारी बारिश के मद्देनजर जिले में संचालित सभी शासकीय/अशासकीय/अनुदान प्राप्त (MPBSE/CBSE/ICSE/अन्य) स्कूलों में नर्सरी से 12वीं के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है।

इससे पहले मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इस अलर्ट के मुताबिक राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के 11 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई थी। इन जिलों में रायसेन, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, आगर, सीहोर, देवास, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर और रतलाम जैसे जिले शामिल थे। 

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि भारी बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना जताई गई थी। साथ ही कच्चे और कमजोर मकानों की संरचनाओं को भी नुकसान होने का अंदेशा जताया था।  कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी घटनाओं की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। लोगों से नदी-नालों और पुलों से दूर रहने को भी कहा गया है। बिजली चमकने पर किसी खुले स्थान में न रुकने और कम दृश्यता और फिसलन वाली जगहों पर जाने और वाहन चलाने में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें:
CM मोहन यादव ने 4 फ्लाइट का किया शुभारंभ, अब MP से सीधे जुड़ गए पटना और कोलकाता