A
Hindi News मध्य-प्रदेश राह चलती युवतियों पर कटर से करता था हमला, 900 CCTV खंगालने के बाद गिरफ्तार हुआ इनामी बदमाश

राह चलती युवतियों पर कटर से करता था हमला, 900 CCTV खंगालने के बाद गिरफ्तार हुआ इनामी बदमाश

ईनाम बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। 29 जनवरी को ही शातिर बदमाश ने राह चलती 4 युवतियों पर कटर से हमला किया था। पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।

ईनामी बदमाश गिरफ्तार- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT ईनामी बदमाश गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर में एक खूंखार अपराधी पकड़ा गया है। राह चलती युवतियों को निशाना बनाकर कटर से हमला करने वाले आदतन अपराधी को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता पाई है। इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने भोपाल पुलिस टीम को 50 हजार रुपये के पुरस्‍कार से पुरस्‍कृत करने की घोषणा की है। 

कटर से हमला कर युवतियों को किया घायल

आरोपी देवेंद्र अहिरवार द्वारा 29 जनवरी की रात सोनागिरी, पिपलानी तथा अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में कुल चार युवतियों पर कटर से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। इन घटनाओं के संबंध में थाना पिपलानी एवं थाना अयोध्यानगर में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।

पकड़ने के लिए जुटे थे 150 से अधिक पुलिसकर्मी

घटनाओं की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में अति. पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जोन-स्तर एवं क्राइम ब्रांच की कुल 40 टीमों में लगभग 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी सबूतों के आधार पर व्यापक जांच की गई।

25 हजार रुपये का था इनाम

लगभग 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, 600 से अधिक पुराने बदमाशों का सत्यापन किया गया। करीब 100 संदिग्धों को पूछताछ हेतु राउंड-अप किया गया। आरोपी के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसका हुलिया एवं फोटो सार्वजनिक कर गिरफ्तारी हेतु 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।

चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद

लगातार सघन खोज अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर अयोध्या बायपास, छोलामंदिर क्षेत्र के समीप जंगल क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी देवेन्‍द्र अहिरवार पिता हरज्ञान अहिरवार, उम्र 37 वर्ष, निवासी घसेरा मोहल्ला राहतगढ़ जिला सागर, हाल निवासी पूजा कॉलोनी करोंद, भोपाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर, चोरी की गई मोटरसाइकिल, कपड़े एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।

सागर जिले में भी कटर से किया गया हमला

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सभी चार घटनाओं के अलावा साल 2014 में सागर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी कटर से कई वारदातें की थीं। आरोपी द्वारा चार महीने पहले करोंद सब्जी मंडी क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल का उपयोग इन घटनाओं में किया गया था।