छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 2 साल बाद एक दुल्हन अपनी ससुराल से लापता हो गई और इस दौरान लाखों का सोना-जेवर और कैश भी गायब हो गया। इस घटना पर लापता महिला के पति ने प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि छतरपुर के नौगांव से एक 26 वर्षीय महिला सोना-चांदी सहित कैश लेकर भाग गई। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि वह घर से करीब 12 लाख रुपए के जेवर और 70 हजार रुपये नकद लेकर चली गई है। साथ ही उसने प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई है।
वार्ड नंबर 17 निवासी नंदकिशोर प्रजापति ने बताया कि उसका विवाह करीब 2 वर्ष पूर्व रानी प्रजापति से हुआ था। वह स्थानीय बुक डिपो पर कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। घटना के दिन वह अपनी दुकान पर गया हुआ था, जबकि उसकी मां गांव गई हुई थी।
इसी दौरान उसकी पत्नी घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पहले मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में महिला की तलाश की और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद नंदकिशोर प्रजापति ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध हो सकता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश की जा रही है। इस मामले में थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे का बयान भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गायब हुई महिला की सास का कहना है कि वह घर से पैसे और जेवर लेकर चली गई है। अब देखना ये होगा कि इस मामले में क्या सच्चाई सामने आती है। (इनपुट: प्रेम गुप्ता)