1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. साली को भगा ले गया था जीजा, फिर जोधपुर से पकड़कर लाए साले, पेड़ से बांधकर की कुटाई

साली को भगा ले गया था जीजा, फिर जोधपुर से पकड़कर लाए साले, पेड़ से बांधकर की कुटाई

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल एक जीजा अपनी साली को लेकर भाग गया, जिसके बाद परिजनों ने खोजकर जीजा की जमकर पिटाई कर दी।

Surendra pal singh dabar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सुरेंद्र पाल सिंह डाबर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुरैना।

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को सरेआम बर्बर सजा दी गई। अंतर्राष्ट्रीय धावक से बागी बने पान सिंह तोमर के पैतृक गांव भिड़ौसा में कानून को ताक पर रखकर एक जीजा की बेरहमी से पिटाई की गई। जिले के कीचोल गांव के रहने वाले छोटू नामक युवक की शादी भिड़ौसा गांव में हुई थी। शादी के बाद छोटू का अपनी ही साली से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। कुछ समय बाद वह अपनी साली को प्रेम जाल में फंसाकर ससुराल से भगा ले गया। इस घटना से आक्रोशित होकर लड़की के परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की और आखिरकार उन्हें राजस्थान के जोधपुर से ढूंढ निकाला।

जोधपुर से पकड़कर लाए, गांव में पेड़ से बांधकर बेहोश होने तक पीटा

ससुराल पक्ष के लोग दोनों को जोधपुर से पकड़कर वापस मुरैना के भिड़ौसा गांव लेकर आए। इसके बाद लड़की के सगे भाइयों, मोनू और गोलू वाल्मीकि ने गांव के बीचों-बीच जीजा को सबक सिखाने का फैसला किया। उन्होंने छोटू को अर्धनग्न हालत में लोहे की जंजीरों और रस्सियों से एक पेड़ पर जकड़ दिया। इसके बाद दोनों भाइयों और परिजनों ने मिलकर उस पर लाठियों और पट्टों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। छोटू को तब तक बेरहमी से पीटा गया जब तक कि वह अधमरा होकर बेहोश नहीं हो गया। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों में से किसी ने घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

सार्वजनिक रूप से दी गई इस सजा का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हुआ, सिहोनिया थाना पुलिस ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस की एक टीम तुरंत हरकत में आई और दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले आई। चौंकाने वाली बात यह रही कि थाने पहुंचने के बाद पुलिस के सामने दोनों ही पक्ष किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से मुकर गए और आपस में सुलह की बात करने लगे। हालांकि सरेआम कानून हाथ में लेने और बर्बरता करने के कारण पुलिस ने ढिलाई नहीं बरती।

शांति भंग के आरोप में दोनों साले गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिहोनिया थाना पुलिस ने वायरल वीडियो को मुख्य आधार बनाया। भले ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन सार्वजनिक रूप से शांति व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा फैलाने के जुर्म में पुलिस ने सख्त कदम उठाया। मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डाबर के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के दोनों भाइयों मोनू और गोलू को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट- उपेंद्र गौतम

ये भी पढ़ें: निकाह पर फतवे के बीच आमिर खान का दोटूक जवाब, बोले- 'न गौरी, न रीना और न ही किरण ने बदला धर्म'