1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गाय को चारा खिला रहे पति-पत्नी को कार ने मारी टक्कर, दंपति गंभीर रूप से घायल, चालक फरार

गाय को चारा खिला रहे पति-पत्नी को कार ने मारी टक्कर, दंपति गंभीर रूप से घायल, चालक फरार

ग्वालियर में सड़क किनारे गाय को चारा खिला रहे पति-पत्नी को पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मारी और फिर दुकान में जा घुसी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

road accident- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT दंपती को बेकाबू कार ने मारी टक्कर

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो दंपति कार एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए। सामने आए वीडियो में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। सड़क किनारे गाय को चारा खिला रहे पति-पत्नी को पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मारी और फिर दुकान में जा घुसी। इस घटना में पति-पत्नी दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के तुरंत बाद सड़क पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर बाहर भागे। इसके बाद कार चालक अपनी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। एमपी में सड़क हादसे में लोगों की मौत की घटना बढ़ाते जा रही है, जो लापरवाही का नतीजा है।

गाय को चारा खिला रहे दंपति को कार ने मारी टक्कर

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें यह खौफनाक मंजर साफ दिखाई दे रहा है। दरअसल, ग्वालियर शहर के पॉश इलाके चेतकपुरी में भूपेंद्र सुखीजा अपनी पत्नी शिवानी के साथ स्कूटी से बाजार से घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे खड़ी गाय को चारा खिलाने के लिए दोनों रुक गए। पति-पत्नी गाय को चारा खिला ही रहे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार आई और दोनों को रौंदते हुए पास की एक दुकान में जा घुसी।

दंपति का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसा होते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में भूपेंद्र और उनकी पत्नी शिवानी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी नजदीकी झांसी रोड थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शिवानी की हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत दिल्ली रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की कमर, हाथ और पैर समेत करीब 10 हड्डियां टूट गई हैं। बेहतर इलाज मिल सके, इसलिए उन्हें दिल्ली भेजा गया है। यह घटना 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

मौके से फरार चालक की पुलिस को तलाश

बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था। कार की रफ्तार तेज होने के कारण उसने अपना संतुलन खो दिया और सड़क किनारे गाय को चारा खिला रहे पति-पत्नी को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि कार दोनों पति-पत्नी को टक्कर मारते हुए सीधे दुकान में जा घुसी। घटना के बाद दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर बाहर भागे। वहीं, भीड़ का फायदा उठाकर कार चालक मौके से फरार हो गया। झांसी रोड थाना पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि कार चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल कार का नंबर परिवहन विभाग को भेज दिया गया है। जल्द ही कार की जानकारी मिलने के बाद उसके मालिक से पूछताछ की जाएगी।

(भूपेन्द्र भदौरिया)

ये भी पढ़ें - मध्य प्रदेश के गुना में दर्दनाक हादसा, नारकोटिक्स टीम से भाग रही कार ने 2 बाइक को मारी टक्कर, दंपति की मौत