1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी के आगर मालवा में एक कार नाले में बही, 3 बच्चों समेत 8 की मौत, मां बगलामुखी मंदिर के पास हादसा

एमपी के आगर मालवा में एक कार नाले में बही, 3 बच्चों समेत 8 की मौत, मां बगलामुखी मंदिर के पास हादसा

एमपी के आगर मालवा में एक कार के नाले में बहने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में एसपी का बयान भी सामने आया है।

Agar Malwa- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आगर मालवा में एक कार नाले में बही

आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में एक कार हादसे का शिकार हो गई। कार, बारिश की वजह से उफनते हुए नाले में बह गई, जिसमें 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हुई है। खुद एसपी दिलीप कुमार सोनी ने ये जानकारी दी है।

क्या है पूरा मामला?

एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया, "आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास, श्रद्धालुओं से भरी एक कार बारिश से उफनते नाले में बह गई, जिससे तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत आठ लोगों की मौत हो गई।"

एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया, "मरने वाले सभी लोग ओडिशा के रहने वाले थे और उज्जैन से मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि ड्राइवर ने तेज़ बहाव के बीच जल्दबाज़ी में नाला पार करने की कोशिश की होगी, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुँचे और बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों की पहचान की जा रही है।"

गाड़ी अंदर से बंद थी, इसलिए नहीं बच पाए श्रद्धालु

मामले में SP दिलीप कुमार सोनी ने बताया, "सुबह नलखेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि एक गाड़ी डूबी हुई स्थिति में है। इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन ने उस गाड़ी को निकाला। उसमें 8 शव मिले जिसमें 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। पूरे मामले की जांच चल रही है। यह देर रात की घटना है मगर समय अभी पता नहीं चल पाया है... गाड़ी अंदर से बंद थी और इसी कारण वो बच नहीं पाए।"

MP के बैतूल में भी हुआ था दर्दनाक हादसा

इससे पहले मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में अगस्त में भी एक कार हादसे का शिकार हुई थी। दरअसल कार तेज रफ्तार में थी और वह सड़क के किनारे ट्रक से टकरा गई थी। ये घटना सुबह करीब 3 बजे हुआ था, जिसमें 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी और 6 अन्य घायल हुए थे।

गौरतलब है देश में आए दिन वाहन सड़क हादसे का शिकार होते हैं, जिसके पीछे सबसे बड़ी वजह यातायात के नियमों का पालन नहीं करना है।

ये भी पढ़ें-

धार में भीषण सड़क हादसा, कार और कंटेनर ट्रक की जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौत