भोपालः ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई ने आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट फाइल कर दी है। समर्थ सिंह और गिरीबाला सिंह को सीबीआई ने BNS की धारा 80(2), 85, 108,3(5) के तहत आरोपी बनाया है। आरोपियों पर दहेज निषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के चार्ज लगाए गए हैं।
ससुराल में मृत पाई गई थी ट्विशा शर्मा
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सीबीआई ने पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। ट्विशा 12 मई को भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थीं। ट्विशा के पति समर्थ वकील हैं, जबकि उनकी मां गिरिबाला पूर्व डिस्ट्रिक्ट जज हैं। ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि इन दोनों ने ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और दहेज के लिए भी परेशान किया। ट्विशा ने पिछले साल दिसंबर में समर्थ से शादी की थी और 12 मई को वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई पाई गई थी।
FIR में आरोप लगाया गया है कि समर्थ उसे AIIMS भोपाल ले गए थे, जहां उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने रात 10.20 बजे घर पर फांसी लगा ली थी। FIR के मुताबिक, AIIMS के डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि उन्हें अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद एक मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया। पुलिस की शुरुआती जांच और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश पर हुए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद CBI ने जांच अपने हाथ में ली और समर्थ व गिरिबाला को गिरफ्तार कर लिया।
पति और सास जेल में बंद
इससे पहले मामले की पिछली सुनवाई में कोर्ट ने CBI को फाइनल रिपोर्ट (चार्जशीट) फाइल करने के लिए सोमवार तक का समय दिया था। CBI ने 25 मई को इस मामले की जांच शुरू की थी। ट्विशा के पति समर्थ सिंह और पूर्व जज सास गिरिबाला सिंह इस मामले में 2 जून से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं। इस बीच, गिरिबाला सिंह की जमानत अर्ज़ी पर अगले हफ़्ते मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है।
ये भी पढ़ेंः उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में अफरा-तफरी, दर्शनार्थियों की भीड़ बढ़ने से बिगड़े हालात, 3 लोग घायल
नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, शिकायत के बाद हिरासत में मुस्लिम युवक