1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. छतरपुर में पत्नी की हत्या का खुलासा, पति ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश; महोबा से दोनों गिरफ्तार

छतरपुर में पत्नी की हत्या का खुलासा, पति ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश; महोबा से दोनों गिरफ्तार

पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बच्चों को अपने साथ रखने की बात को लेकर चल रही अनबन के बीच हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद की है।

chhatarpur murder case, husband kills wife- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छतरपुर में पति ने की पत्नी की हत्या

छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महिला ज्योति चौरसिया की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या को उसके पति लखन जोशी ने अपने दोस्त सोनू कुशवाहा के साथ मिलकर अंजाम दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भाग रहे थे, जिन्हें पुलिस ने महोबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला। 

हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद

छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महिला ज्योति चौरसिया की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पति ने दोस्त के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या की साजिश रची थी। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी पति लखन जोशी और उसका साथी सोनू कुशवाहा वारदात के बाद उत्तर प्रदेश की तरफ महोबा की ओर भाग रहे थे, तभी पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी जब्त कर ली है। जांच में पता चला कि लखन जोशी और ज्योति चौरसिया ने करीब 7-8 साल पहले प्रेम विवाह किया था और दोनों महाराजपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। 

बच्चों को साथ रखने को लेकर बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी पति चाहता था कि बच्चे उसके साथ रहें, जबकि पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में हत्या की योजना बनाई गई। आरोपी पति का कहना है कि वह अपने बच्चों को अपने साथ रखना चाहता था और पत्नी के तैयार नहीं होने की वजह से विवाद बढ़ा। 

पत्नी की नाक काटने के लिए किया था वार

पुलिस केअनुसार, आरोपी का कहना था कि वह पत्नी की नाक काटना चाहता था, लेकिन चाकू के वार से ज्योति की मौत हो गई। वहीं, पुलिस को मीडिया और अन्य स्रोतों से जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और हत्या की जो भी वजह सामने आएगी, उसे केस डायरी में शामिल किया जाएगा।

(रिपोर्ट- प्रेम गुप्ता)

ये भी पढ़ेंः मध्य प्रदेश के मंत्री नारायण सिंह पंवार के पैतृक घर में चोरी, बेटे ने दर्ज कराई FIR; कानून व्यवस्था पर उठे सवाल