1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. क्रिकेट की गेंद ढूंढ़ने गए बच्चों को दिखी लाश, सामने आई 3 बेटों के बाप की दुखद कहानी

क्रिकेट की गेंद ढूंढ़ने गए बच्चों को दिखी लाश, सामने आई 3 बेटों के बाप की दुखद कहानी

पत्नी की मौत के बाद अपने घर में अकेले रह रहे 3 बेटों के पिता छगन दावड़े का शव संदिग्ध हालत में मिला है। क्रिकेट खेलते बच्चों ने उनके मकान में गेंद जाने के बाद उसे ढूढ़ते हुए उनकी लाश देखी थी। छगन की मौत दो दिन पहले होने की आशंका है, और उनके शरीर पर चूहों के काटे जाने के निशान मिले हैं।

Indore dead body case, Chandan Nagar Indore news, elderly man death India- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL क्रिकेट की बॉल ढूंढ़ने गए बच्चों को खंडहरनुमा मकान में लाश मिली।

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में 65 साल के एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर में अकेले रह रहे इस व्यक्ति का शव दो दिन बाद क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिस पर चूहों के द्वारा कुतरने के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान इंदौर के चंदन नगर इलाके में रहने वाले 65 साल के छगन दावड़े के रूप में हुई है।

क्रिकेट की गेंद ढूंढ़ने गए बच्चों को दिखा शव

मामले का खुलासा तब हुआ, जब पास में क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद उनके खंडहरनुमा मकान में चली गई। बच्चे जब गेंद लेने अंदर पहुंचे, तो उन्हें शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चंदन नगर थाने के प्रभारी तिलक करोले ने बताया, 'घटना के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दावड़े के 3 बेटे हैं, जो उनसे अलग रहते हैं। उनकी पत्नी का 6 माह पहले निधन हो चुका है। पत्नी की मौत के बाद दावड़े घर में अकेले रह रहे थे।'

'दावड़े की मौत 2 दिन पहले होने की आशंका'

 तिलक करोले ने आगे बताया, 'दावड़े की मौत 2 दिन पहले होने की आशंका है। उनके शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला यानी कि FSL के दल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।' पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तिलक करोले ने कहा, 'जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।' उन्होंने यह भी बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस हर पहलू से कर रही मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दावड़े के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ करेगी। साथ ही, घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।