मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के प्रसिद्ध राजवाड़ा क्षेत्र में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब एक सिटी बस ने तीन राहगीरों को रौंद दिया। मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र के राजवाड़ा चौराहे का है, जहां एक बेकाबू सिटी बस ने राहगीरों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हुए बस हादसे का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में तेज रफ्तार बस को अचानक अनियंत्रित होकर ऑटो रिक्शा और सड़क पर मौजूद लोगों को टक्कर मारते देखा जा सकता है। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनियंत्रित बस ने राहगीरों को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि ये हादसा दोपहर के करीब ढाई बजे हुआ, जहां राजवाड़ा के बस स्टैंड आ रही एक बस अनियंत्रित होकर दूसरे वाहनों और सड़क पर खड़े राहगीरों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। आगे बढ़ते हुए बस ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी और फिर एक ऑटो से टकरा गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर तोड़फोड़ की। गुस्साई भीड़ ने बस के शीशे तोड़ दिए, इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और बस चालक को हिरासत में लिया है।
आक्रोशित लोगों ने बस पर किया पथराव
इंदौर के राजवाड़ा चौराहे पर हुए सड़क हादसे का लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक अनियंत्रित हो जाती है और सबसे पहले एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मारती है। इसके बाद बस की चपेट में दो अन्य लोग भी आ जाते हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और तीनों घायल सड़क पर गिर जाते हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और आक्रोशित होकर बस पर पथराव करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही एमजी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बस चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी पुलिस हादसे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होने की वजह क्या थी।
(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों में लड़ाई, पुलिस ने संभाली स्थिति, शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई