1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कांग्रेस ने दतिया उपचुनाव में घनश्याम सिंह को बनाया उम्मीदवार, बीजेपी के आशुतोष तिवारी को देंगे चुनौती

कांग्रेस ने दतिया उपचुनाव में घनश्याम सिंह को बनाया उम्मीदवार, बीजेपी के आशुतोष तिवारी को देंगे चुनौती

घनश्याम सिंह सेवढ़ा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल में उनकी गिनती कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में होती है। वह अनुभवी नेता हैं और पार्टी को इसका फायदा मिल सकता है।

Ghanshyam Singh- India TV Hindi
Image Source : FB/GHASHYAMSINGH घनश्याम सिंह

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। घनश्याम सिंह पूर्व विधायक हैं और ग्वालियर-चंबल अंचल में उनकी गिनती कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में होती है। राज्य में बीजेपी के पास प्रचंड बहुमत है। ऐसे में सरकार के लिहाज से इस उपचुनाव की कोई अहमियत नहीं है, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए यह उपचुनाव साख की लड़ाई है। वहीं, नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से यहां जमकर बवाल हुआ है। इससे यह चुनाव सुर्खियों में आ चुका है।

बीजेपी ने इस सीट पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। युवा आशुतोष को नरोत्तम मिश्रा की जगह टिकट दिया गया है। राज्य के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा इस सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं, जबकि 2023 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने उन्हें लगभग 7000 वोट से हराया था।

क्यों हो रहा उपचुनाव?

2023 में जीत हासिल करने वाले राजेंद्र भारती को एक पुराने मामले में सजा हो गई थी। इस वजह से विधानसभा से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई और अब उपचुनाव कराए जा रहे हैं। राजेंद्र भारती चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। ऐसे में घनश्याम सिंह को कांग्रेस ने टिकट दिया है।

हंगामे के बाद चर्चा में आई सीट

बीजेपी ने जब दतिया से पूर्व गृहमंत्री और छह बार के विधायक नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया और आशुतोष को उम्मीदवार बनाया तो सभी हैरान रह गए। वहीं, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने हंगामा करते हुए नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस मामले में पुलिस ने हिंसा करने वाले 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है। वहीं, नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने पर भोपाल में कहा, "मैंने तब भी कहा था और अब भी कहता हूं। मैं लोगों की सेवा करता रहूंगा। दतिया के लोग मेरे अपने हैं और मैं उन्हें छोड़ने वाला नहीं हूं। पार्टी बताएगी कि मुझे दतिया उपचुनाव के लिए टिकट क्यों नहीं दिया गया। मेरा मानना ​​है कि अगर मेरी तरफ से कोई कमी है, तो मैं आत्मनिरीक्षण करूंगा और उसे ठीक करने की कोशिश करूंगा।" 

तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव

चुनाव आयोग ने दतिया के अलावा बिहार की बांकीपुर और गुजरात की मांजलपुर सीट पर भी उपचुनाव का ऐलान किया है। तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। वहीं, मांजलपुर के विधायक का निधन हो चुका है।

यह भी पढ़ें-

दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों पर बड़ी कारवाई, हिंसा करने वाले 27 नेताओं पर FIR दर्ज

दतिया उपचुनाव : मिश्रा समर्थकों के बवाल के बीच विजयवर्गीय ने प्रत्याशी बदलने की अटकलें खारिज कीं