1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दतिया उपचुनाव में चौथे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने बनाई बढ़त, अभी 11 राउंड की गिनती बाकी
Live now

दतिया उपचुनाव में चौथे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने बनाई बढ़त, अभी 11 राउंड की गिनती बाकी

Datia By Election Result Live: दतिया में पिछली बार गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को हार झेलनी पड़ी थी। इस बार भी कांग्रेस उम्मीदवार ने अच्छी बढ़त बना ली है।

Datia Assembly Result- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दतिया विधानसभा उपचुनाव रिजल्ट 2026

Datia By Election Result Live: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती जारी है। चार राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अच्छी बढ़त बना ली है। वहीं, बीजेपी के आशुतोष तिवारी शुरुआत में बढ़त बनाने के बाद पिछड़ गए हैं। राज्य में सरकार बनाने के लिहाज से इस चुनाव का नतीजा कोई असर नहीं डालेगा, लेकिन यहां हार मिलने पर बीजेपी की चिंता बढ़ जाएगी। वहीं, कांग्रेस की कलह पहले ही खुलकर सामने आ चुकी है। पार्टी ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म की तो उन्होंने मौजूदा उम्मीदवार घनश्याम सिंह पर बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी कहा कि 2028 चुनाव में वह अपना दम दिखाएंगे।

मध्य प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव 2023 में हुए थे। इस दौरान बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। हालांकि, दो दशक तक राज्य के सीए रहे शिवराज सिंह की जगह मोहन यादव को सीएम बनाया गया। अब 2028 के चुनाव में मोहन यादव की परीक्षा होगी। वहीं, 2018 में कुछ महीनों के लिए सत्ता में आई कांग्रेस दोबारा से यहां वापसी करने की कोशिश में है।

क्यों हुआ उपचुनाव?

2023 में दतिया विधानसभा से राजेंद्र भारती ने कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराया था। हालांकि, बाद में उन्हें एक पुराने मामले में सजा हो गई और उनकी विधायकी रद्द कर दी गई। इसी वजह से उपचुनाव हुए हैं। राजेंद्र भारती चुनाव लड़ने के योग्य नहीं थे। वहीं, बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया। ऐसे में दोनों पार्टियों ने नए चेहरों को मौका दिया। आशुतोष युवा नेता हैं। वहीं, घनश्याम पहले भी विधायक रह चुके हैं।

Live updates : Datia by election Result Updates:

  • 11:37 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    कांग्रेस उम्मीदवार ने किया जीत का दावा

    चौथे राउंड में अच्छी बढ़त मिलने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने जीत का दावा किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें 800 से ज्यादा वोटों से बढ़त मिल चुकी है और शहरों में वोटों की गिनती होने पर उनकी बढ़त और भी ज्यादा होगी। बीजेपी के जीत के दावे पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसा किया जाता है।

  • 11:20 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    चौथे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार आगे

    चार राउंड की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है। शुरुआती दो राउंड में बीजेपी उम्मीदवार आगे थे, लेकिन तीसरे राउंड में कांग्रेस को बढ़त मिली और चार राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 800 से ज्यादा वोट की बढ़त बना ली है।

    चौथे राउंड के नतीजे

    घनश्याम सिंह (कांग्रेस):-  4808
    आशुतोष तिवारी (भाजपा):- 4058
    दामोदर यादव (आसपा):- 2025

  • 10:46 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    तीसरे राउंड में कांग्रेस को ज्यादा वोट

    पहले राउंड में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बनाई थी, लेकिन अगले दो राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार को ज्यादा वोट मिले हैं। इससे बीजेपी के आशुतोष की बढ़त कम हुई है और कांग्रेस उम्मीदवार 33 वोट से आगे निकल गए हैं। बीजेपी उम्मीदवार को अब तक 12,399 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस को 12,432 और आसपा को 4,874 वोट मिले हैं।

    तीसरे राउंड के नतीजे

    बीजेपी- 4262
    कांग्रेस-4998
    आसपा- 1344 

  • 10:05 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    दतिया में दूसरे राउंड के बाद कांग्रेस आगे

    दतिया में दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है। बीजेपी उम्मीदवार को 3702 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार को 3921 और आजाद समाज पार्टी के खाते में 1533 वोट गए हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को लगभग 200 वोट की बढ़त मिली है।

  • 10:01 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    उपचुनाव पर नरोत्तम मिश्रा का बयान

    दतिया उपचुनाव के नतीजों पर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैं शुरू से कह रहा हूं कि बीजेपी जीतेगी। राजेंद्र भारती को पहले भी (कांग्रेस से) निकाल दिया गया था। उन्होंने आधा दर्जन से ज्यादा पार्टियों में समय बिताया और चार पार्टियों के सिंबल पर चुनाव लड़े।"

  • 9:21 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    बीजेपी को मिली बढ़त

    रुझान में भाजपा 1284 वोट से आगे निकल चुकी है। बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 4651 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 3367 वोट मिले हैं।

  • 9:10 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    पहले राउंड में बीजेपी 909 वोट से आगे

    दतिया में पहले राउंड में वोटों की गिनती के बाद बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी लगभग 1000 वोट से आगे हैं। भाजपा को 4551, कांग्रेस को 3367, आजाद समाज पार्टी को 1917 वोट मिले हैं। बीजेपी कुल 909 वोट से आगे है।

  • 8:55 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू

    दतिया में वोटों की गिनती कुल 15 राउंड में होगी। सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों से गिनती शुरू हुई। इसके बाद 8:30 बजे ईवीएम से भी गिनती शुरू हो चुकी है। कुल 20 टेबल पर मतगणना हो रही है। तीन लेयर में सुरक्षा की गई है। पूरे काम के लिए कुल 250 अधिकारी-कर्मचारी मोर्चा संभाले हुए हैं। मतगणना के लिए दो काउंटिंग हॉल हैं। दोनों हॉल में 10-10 यानी कुल 20 टेबल लगाई गई हैं और पूरी मतगणना 15 राउंड में संपन्न कराने की तैयारी है।

  • 8:46 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    दतिया में 71.26% वोटिंग

    दतिया के साथ गुजरात के मांजलपुर और बिहार के बांकीपुर में भी उपचुनाव हुए, लेकिन दोनों जगहों पर लोग वोट डालने के लिए बेहद कम संख्या में घरों से निकले। मांजलपुर में 34.5% और बांकीपुर में 34.16% मतदान हुआ। वहीं, दतिया में 71.26% वोटिंग हुई थी। ऐसे में दतिया के नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

  • 8:36 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    दतिया में वोटों की गिनती जारी

    दतिया में वोटों की गिनती जारी है। सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू हुई। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, "इंतजाम हो गए हैं। गिनती 20 टेबल पर होगी। हर एक में 10 टेबल के दो राउंड होंगे और पोस्टल बैलेट के लिए अलग टेबल लगाए गए हैं। पोस्टल बैलेट की गिनती मेन गिनती के साथ-साथ होगी, हालांकि प्रोसेस पोस्टल बैलेट से शुरू होगा। पूरे सिक्योरिटी इंतजाम फाइनल कर लिए गए हैं, जिसमें वेन्यू के अंदर और बाहर तीन-लेवल की सिक्योरिटी लगाई गई है। हमारी पहली जिम्मेदारी यह पक्का करना है कि मौजूद एजेंट खुश हों और पूरा प्रोसेस ट्रांसपेरेंट हो, जिससे कोई दिक्कत या शिकायत न हो। हम शुरुआती राउंड धीरे-धीरे तब तक कर सकते हैं, जब तक सब खुश न हो जाएं। एक बार जब सब ठीक हो जाएं, तो हम राउंड की रफ्तार बढ़ा देंगे। हालांकि, अगर कोई गलती होने की संभावना है, तो उसे साफ तौर पर दिखाया जाएगा, ताकि किसी भी तरह के हंगामे या ट्रांसपेरेंसी की कमी की चिंता न हो। जो कैंडिडेट पहले ही आ चुके हैं, उन्होंने इंतजाम देख लिए हैं और खुशी जताई है, उन्होंने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम भी देखा और जो देखा उससे खुश थे।"

  • 7:48 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    जल्द शुरू होगी वोटों की गिनती

    दतिया में वोटों की गिनती जल्द शुरू होने वाली है। यहां असली मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच है। इनके अलावा भी कई नेताओं ने चुनाव लड़ा है, लेकिन उनका जनाधार बेहद कम है। ऐसे में किसी तीसरे उम्मीदवार को जीत मिलने की संभावना बेहद कम है।