मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 7.32 करोड़ रुपये की ड्रग्स पकड़ी गई। जानकारी के मुताबिक, डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में 7.32 करोड़ रुपये कीमत की 9.139 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की है और एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। दिल्ली से बस में आ रहे एक यात्री के पास नशीले पदार्थ होने की पक्की सूचना मिलने पर, DRI के अधिकारियों ने मंगलवार तड़के भोपाल के इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (ISBT) पर उसे रोका।
सलवार सूट में छिपाकर रखा गया था ड्रग्स
दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 'सलवार' सूट के पैकेटों के अंदर छिपाकर रखे गए 11 प्लास्टिक पैकेट मिले, जिनमें क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन भरी हुई थी। नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) फील्ड टेस्ट किट से की गई जांच में सभी 11 पैकेटों में मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई।
इससे कुछ दिन पहले ही भोपाल के बस अड्डे पर 2.08 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई थी। 14 अक्टूबर को DRI अधिकारियों ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सवार एक नाइजीरियाई महिला से 2.08 करोड़ रुपये कीमत की 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त की थी। उसे ISBT पर गिरफ्तार किया गया था।
तमिलनाडु में पकड़ी गई थी 100 करोड़ की ड्रग्स
इससे पहले अभी हाल में ही DRI ने तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में 137 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया था। अवैध ड्रग बाजार में इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है। इस कार्रवाई के जरिए तटीय तस्करी के एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जो समुद्री रास्ते से इस नशीले पदार्थ को श्रीलंका भेजने की कोशिश कर रहा था। वित्त मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन 16 और 17 अक्टूबर को चलाया गया था।
अधिकारियों को पुख्ता जानकारी मिली थी कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप नागपट्टिनम के एक तटीय गांव में लाई गई है, जहां से इसे समुद्र के बीच किसी दूसरी नाव में ट्रांसफर करके श्रीलंका भेजा जाना था। तलाशी के दौरान, DRI अधिकारियों को छह बैग मिले, जिनमें चांदी की पन्नी (सिल्वर फॉयल) में लिपटे 27 पैकेट थे। हर पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। इन पैकेटों में एक सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था, जिसके उच्च शुद्धता वाला मेथामफेटामाइन होने का संदेह है। कुल 137 किलोग्राम वजन वाले इस नशीले पदार्थ को 'नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985' के तहत जब्त किया गया है। पिछले महीने लक्षद्वीप के पास 500 किलो से ज्यादा ड्रग्स बरामद हुआ था। इसकी कीमत करीब 3 हजार करोड़ आंकी गई थी।
ये भी पढ़ेंः दमोह में मां ने तीन बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी कूदी, 3 की मौत, 5 साल की बेटी की बची जान