1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शराब के नशे में युवती ने डॉक्टर समेत कई लोगों को मारी टक्कर, फिर कर दी युवक की पिटाई, वीडियो वायरल

शराब के नशे में युवती ने डॉक्टर समेत कई लोगों को मारी टक्कर, फिर कर दी युवक की पिटाई, वीडियो वायरल

छतरपुर में युवती ने शराब के नशे में कुछ लोगों की पिटाई कर दी। बाद में घायल के परिजनों ने युवती की पिटाई कर दी। मामला ओरछा रोड थाना क्षेत्र के कैडी फोरलेन ब्रिज का है।

युवती ने की मारपीट- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवती ने की मारपीट

छतरपुर। छतरपुर जिले के धुंबेला क्षेत्र में शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे शराब के नशे में धुत एक युवक और दो युवतियां बाइक से सवार होकर सड़क पर निकले और लोगों पर कहर बरपाने लगे। नशे की हालत में बेतहाशा बाइक चलाते हुए पहले उन्होंने एक युवक को टक्कर मारी और फिर बोतल से वार कर उसकी हालत गंभीर कर दी। इसके बाद आगे जाकर एक डॉक्टर को भी टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। 

विनीत पर जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुंबेला के पास नशे में धुत युवक दो युवतियों के साथ बाइक से गुजर रहे थे। रास्ते में उन्होंने विनीत पाराशर युवक की बाइक को टक्कर मार दी। जब तक लोग संभलते, आरोपियों ने हाथ में पकड़ी हुई बीयर की बोतल से विनीत के गले पर वार कर दिया। इससे उसकी श्वास नली कट गई और वह मौके पर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

डॉक्टर को भी टक्कर मारी

घटना के बाद जब विनीत का भाई पुष्पेंद्र ने आरोपियों का पीछा किया तो वे ओरछा थाना क्षेत्र के फोरलेन कैड़ी ब्रिज तक पहुंचे। वहां उन्होंने एक बाइक सवार डॉक्टर को भी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से डॉक्टर के पैर में चोट आई। घायल डॉक्टर ने जब आरोपियों को रोका तो नशे में धुत युवक और युवतियों ने चप्पल से डॉक्टर को मारने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचा लिया।

पुष्पेंद्र के साथ भी मारपीट

इसी बीच जब विनीत का भाई पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचा और तीनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई के बाद कुछ समय बीता तो युवतियां खुद ही अपने कपड़े फाड़ने लगीं और मौका पाकर भाग निकलीं।

घायल की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर

गंभीर रूप से घायल विनीत को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार विनीत की गले की श्वास नली कट जाने से उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

यहां देखें वीडियो

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही नौगांव थाना प्रभारी टीआई बाल्मीकि चौबे ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशे में धुत बाइक सवार युवक सचिन अहिरवार पिता स्वर्गीय बुद्ध प्रकाश अहिरवार निवासी देरी उम्र 19 साल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार युवतियों की तलाश की जा रही है।

परिजनों का आरोप

घायल विनीत के परिजनों का कहना है कि “पहले हमारे भाई को बाइक से टक्कर मारी गई और फिर शराब की बोतल से हमला कर उसकी जान लेने की कोशिश की गई। उसकी हालत अभी भी गंभीर है। 

रिपोर्ट- प्रेम गुप्ता, छतरपुर