भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर आगामी आदेश तक अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर दी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को राज्य मंत्री परिषद की बैठक में मंत्री परिषद के सदस्यों से वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने सहित राष्ट्र हित में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने की अपील की थी। मध्य प्रदेश गंभीरता से इस पर अमल करेगा। राज्य सरकार ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री के काफिले में चलेंगे 8 वाहन
आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहनों के स्थान पर 8 वाहन ही चलेंगे। उनके भ्रमण के समय वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्रीगण यात्रा में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे। यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि नव नियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी सादगी से कार्यभार ग्रहण करें और वाहन रैली आयेाजित न करें।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के आहवान और दिए गए सुझावों के अनुरूप मध्य प्रदेश में शासकीय कार्यों में उपायों पर अमल करने को कहा है। मंत्रीगण सहित निगम-मंडल के पदाधिकारियों और आम नागरिकों से वाहनों के कम से कम प्रयोग करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से वाहनों का उपयोग न किए जाने को कहा गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर भोपाल में स्थानीय भ्रमण के दौरान अब कारकेड में 8 वाहन होंगे, जिनका क्रम निम्नानुसार रहेगा।
- पायलेट
- मीडिया कार
- एस्कोर्ट-1 (E-1)
- व्ही.आई.पी.
- एस्कोर्ट-2 (E-2)
- स्पेयर (बी.आर. कार)
- एम्बुलेन्स
- टेल कार
पीएम मोदी ने की थी ये अपील
बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को एक रैली में ऊर्जा संरक्षण और विदेशी मुद्रा बचत के लिए कई सुझाव दिए थे। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरी क्षेत्रों में मेट्रो के उपयोग, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे के उपयोग और 'वर्क फ्रॉम होम' को बढ़ावा देने की बात कही थी। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि देश को विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्रा को एक वर्ष तक टालने पर विचार करना चाहिए।