मध्य प्रदेश के मुरैना में कुंवारी नदी में पानी के तेज बहाव को देखकर पुल से एक महिला ने छलांग लगा दी। महिला की किस्मत बेहतर होने के कारण पानी का बहाव उसे किनारे की तरफ ले जा रहा था । इसी दौरान पुलिसकर्मियों के सहयोग से स्थानीय गोताखोर ने उसे बाहर निकाल लिया। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने स्थानीय चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की।
कहां का मामला
मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवारी नदी के नैपरी पुल से एक महिला ने तेज बहाव को देखते हुए छलांग लगा दी। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस के डायल 112 के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला की जान बचाई। पानी के तेज बहाव को देखते हुए कुंवारी नदी के नैपरी पुल तक पुलिस लगातार गस्त कर रही थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि पुल से महिला ने पानी में छलांग लगा दी है। अब अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। जांच पड़ताल के दौरान पाया गया कि महिला बवली पत्नी मुकेश गौड़ उम्र 26 वर्ष बख्शपुर सबलगढ़ निवासी है। बबली की शादी सबलगढ़ तहसील मुख्यालय पर निवासरत मुकेश गौड़ से हुई है। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया और दोनों का मामला कोर्ट में है। इसे लेकर बबली मानसिक रुप से परेशान हैं।
घटना के बाद लोगों में चर्चा थी कि बबली का पिता डॉक्टर से उसका इलाज करा कर घर पहुंचे ही थे। तभी बबली घर से निकल कर नैपरी पुल पर पहुंच गई। वहां उसने नदी में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गई। नदी में पानी के बहाव के साथ बह रही बबली को देखने के लिए सैकड़ो लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस की डायल 112 के कर्मियों की मदद से लड़की को बचाया गया। गोताखोरों ने महिला को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों में चर्चा थी कि मौके पर पुलिस नहीं पहुंचती तो महिला की जान भी जा सकती थी ,क्योंकि पुलिसकर्मियों के कहने पर ही स्थानीय गोताखोरों ने पानी के तेज बहाव पर गहरे पानी में छलांग लगाई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही बबली के पिता बांकेलाल व उनकी माता भी कैलारस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच गए।
कैलारस के उप निरीक्षक ने कही ये बात
कैलारस के उप निरीक्षक हिमांशु यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर डायल 112 को मौके पर भेजा गया था , जहां उनके कर्मियों ने महिला की जान बचाने के लिए प्रयास किया। वहीं डायल 112 के कर्मचारी व प्रधान आरक्षक मुकेश शर्मा ने बताया कि महिला पानी में बह रही थी उन्होंने गोताखोरों को प्रेरित कर महिला को निकालने का अनुरोध किया था। गोताखोरों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया उसके बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लाया गया है।