A
Hindi News मध्य-प्रदेश उज्जैनः महाकाल मंदिर के पास होटल में नॉनवेज बनाने के मामले में 4 पूर्व कर्मचारियों पर FIR, मैनेजर बोला- CCTV में हुई छेड़छाड़

उज्जैनः महाकाल मंदिर के पास होटल में नॉनवेज बनाने के मामले में 4 पूर्व कर्मचारियों पर FIR, मैनेजर बोला- CCTV में हुई छेड़छाड़

महाकालेश्वर मंदिर के पास एक होटल में नानवेज बनाने के मामले में होटल के चार पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी में छेड़छाड़ का अंदेशा जताया है।

होटल के अंदर की तस्वीर- India TV Hindi Image Source : REPORTER होटल के अंदर की तस्वीर

उज्जैनः उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पास मध्य प्रदेश टूरिज्म द्वारा एक होटल का संचालन किया जा रहा है। इस होटल का एक कथित सीसीटीवी वायरल हो रहा है जिसमें किचन के अंदर मांस जैसे टुकड़े दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही होटल के स्टाफ द्वारा आपस में बातचीत में कहा जा रहा है कि मुर्गा मछली वाले हाथ धो लेना। कथित सीसीटीवी वायरल होने के बाद होटल पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हिंदूवादी संगठन व साधु संतों ने इसका विरोध जताया है। हिंदूवादी संगठन और संतों ने कहा है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती है मामले की वास्तविक जांच की जाए और दोषियों पर कारवाई हो।

4 पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज 

वहीं, इस मामले में होटल के प्रबंधक ने थाना महाकाल पुलिस को आवेदन देकर होटल के ही 4 पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले में पुलिस ने धारा 319 (2) 336 (3) और 336 (4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 

सीसीटीवी में छेड़छाड़ का आरोप

मामले में होटल के प्रबंधक सतीश पाठक ने बताया कि वीडियो में नॉनवेज बनाते दिखना ऐसा आरोप लगाना गलत है। यह नॉनवेज नहीं है दही और ब्रेड की डिश है। जो की पूरी तरह शाकाहारी है। होटल के ही 4 पूर्व कर्मचारियों ने साजिश रचते हुए होटल की मेल आईडी का दुरुपयोग कर सीसीटीवी चुराया और उसमें एडिट कर वायरल किया है। चारो कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया गया है। इन कर्मचारियों ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि इनके साथ होटल का 3 वर्ष का एग्रीमेंट हुआ था और इन्हें ट्रेनिंग दी गई थी । परंतु इन्होंने 3 महीने में ही काम छोड़ दिया। इसलिए होटल प्रबंधन ने इन्हें नोटिस जारी किया है।

यहां देखें वीडियो

वही मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि होटल के चार पूर्व कर्मचारियों ने अनाधिकृत तौर पर ईमेल से सीसीटीवी चुराया। मामले में चारों कर्मचारी प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- प्रेम डोडिया