A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बड़वानी में कार और ट्रक के बीच दर्दनाक हादसा, 5 की मौत; 2 घायल

बड़वानी में कार और ट्रक के बीच दर्दनाक हादसा, 5 की मौत; 2 घायल

एमपी के बड़वानी में कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में पांच की मौत हो गई है। वहीं दो लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत।

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो लोगों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग ईंधन भरवाने के लिए जुलवानिया गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है। वहीं मृतकों की पहचान भी कर ली गई है। 

एक्सीडेंट में पांच की मौत

दरअसल, पुलिस ने बताया कि मंगलवार को मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया कस्बे के पास एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार शाम 4:30 बजे से 5 बजे के बीच हुआ। जुलवानिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी रामकुमार पाटिल ने बताया, “कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जलगांव से रुई पहुंचे और जब उनकी कार में ईंधन खत्म हो रहा था तो वे ईंधन भराने के लिए जुलवानिया चले गए।”

मृतकों की हुई पहचान

उन्होंने बताया कि जब वे लौट रहे थे तभी उनकी कार टोल टैक्स नाके के पास एक ट्रक से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि दो अन्य लोगों ने बाद में बड़वानी कस्बे के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सचिन वास्काले (25), प्रद्युम सहते (25), आकाश दयाराम (25), पप्पू हीरालाल (29) और यशवंत सुदापिया (30) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्तियों का बड़वानी में इलाज चल रहा है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

नागपुर में सिगरेट को लेकर आधी रात भिड़े दो गुट, मारपीट का VIDEO आया सामने; 6 गिरफ्तार