A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गुना: विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल और विहिप सदस्यों पर लाठीचार्ज, पुलिस बोली- असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे

गुना: विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल और विहिप सदस्यों पर लाठीचार्ज, पुलिस बोली- असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे

पुलिस का कहना है कि असामाजिक तत्वों को छोड़ा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Guna- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गुना में भीड़ पर लाठीचार्ज

मध्य प्रदेश के गुना में आंबेडकर जयंती के मौके पर बवाल हो गया। यहां हनुमान जयंती जुलूस के दौरान पथराव की घटना के खिलाफ हनुमान चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 

गुना में प्रशासन लगातार कार्रवाई कर हिंदू-मुस्लिम तनाव खत्म करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक इसमें सफलता नहीं मिली है। इस मामले में नौ लोगों की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा था कि अब इलाके में तनाव कुछ काम होगा, लेकिन सोमवार दोपहर की शुरुआत में ही हनुमान चौराहे पर हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

सरकारी तंत्र यह पता लगाने में असफल था कि इतने लोग यहां इकट्ठे हो सकते हैं। चौराहे पर लोगों ने धरना देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद हिंदू संगठन मान गए और ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

पुलिस बोली- असामाजिक तत्वों को नहीं छोड़ेंगे

गुना के एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने कहा, "स्थिति अब सामान्य है और पुलिस बल उचित तरीके से तैनात है। हम असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। " वहीं, विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि हिंदुओं के त्योहारों पर ही इस तरह की घटनाएं होती हैं। इन पर लगाम लगाई जानी चाहिए और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने कलेक्टर के जरिए राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा है। इसमें मस्जिद सहित इसके आसपास अतिक्रमण कर बनी इमारतों पर बुलडोजर चलाने और ऐसी जगहों पर सीसीटीवी लगाने की मांग की गई है। इसके साथ ही लाउड स्पीकर के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की गई है।