1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्वालियर: मेरठ ड्रम कांड के बाद पतियों में खौफ, मुख्यमंत्री से बोले- 'कहीं मुझे भी कटवाकर ड्रम में न दबवा दे'

ग्वालियर: मेरठ ड्रम कांड के बाद पतियों में खौफ, मुख्यमंत्री से बोले- 'कहीं मुझे भी कटवाकर ड्रम में न दबवा दे'

पीड़ित पति का कहना है कि उसकी पत्नी 3-4 लड़कों के साथ रिलेशनशिप में है। वह खुद तीन साल से अकेला रह रहा है। पीड़ित ने खुद को और अपने बच्चे को बचाने के लिए सीएम से गुहार लगाई है।

Husband- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सीएम से गुहार लगाता पीड़ित पति

मेरठ में ड्रम कांड के बाद उन पतियों में खौफ का माहौल है, जिनकी पत्नियां शादी के बाद भी अपने बॉयफ्रेंड के साथ रिलेशन में हैं। ग्वालियर में ऐसे ही एक पति को अपनी हत्या का डर सता रहा है। इस युवक की पत्नी की चार बॉयफ्रेंड हैं। वह अपने पति को छोड़कर एक बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है। ये बॉयफ्रेंड पति को हत्या की धमकी दे रहा है। जब पुलिस ने युवक की बात को गंभीरता से नहीं सुना तो वह फूलबाग चौराहे पर मुख्यमंत्री के नाम पोस्टर लेकर धरने पर बैठ गया।

पीड़ित पति ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मदद की गुहार लगाई है। उसने आशंका जाहिर की है कि कहीं उसकी पत्नी पूजा भी मेरठ कांड की तरह उसे कटवाकर ड्रम में सीमेंट से न दबवा दे।

लिव इन में रह रही पूजा

ग्वालियर के एबी रोड स्थित मेंहदी वाला सैय्यद इलाके में रहने वाला अमित कुमार सेन मेरठ के ड्रम कांड के बाद दहशत में है। दरअसल अमित अपनी पत्नी से प्रताड़ित है और पीड़ित पति अमित का आरोप है कि उसकी पत्नी अब तक तीन से चार बॉयफ्रेंड बना चुकी है। इन दिनों वह घर छोड़कर राहुल बाथम नामक बॉयफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रही है। अमित का कहना है कि उसके बॉयफ्रेंड और पत्नी ने मिलकर बड़े बेटे हर्ष की भी हत्या करवा दी थी। वहीं छोटे बेटे को लेकर बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है। जब उसने इसका विरोध किया तो बॉयफ्रेंड उसे हत्या करने की धमकी दे रहा है।

पुलिस ने नहीं की सुनवाई

अमित को आशंका है कि मेरठ में सौरभ ड्रम हत्याकांड की तरह उसका भी कत्ल हो सकता है। इस मामले को लेकर वह कई बार थाने में शिकायत करने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। आखिर में परेशान होकर अमित ग्वालियर के फूल बाग चौराहे पर सीएम के पोस्टर के नीचे धरने पर बैठ गया। अमित ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित अमित ने बताया कि कई बार उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। वहीं, जानकागंज थाना प्रभारी का दावा है कि अमित थाने पर अभी तक नहीं आया है। अगर पूर्व में कोई आवेदन दिया होगा तो उस पर कार्रवाई ही होगी। अगर अमित आता है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

(ग्वालियर से भूपेंद्र भदौरिया की रिपोर्ट)