मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती पर उसके पति ने उस पर इस बात को लेकर हमला कर दिया कि वह उसकी शराब की लत छुड़ाना चाहती थी। महिला अपने शराबी पति को सुधारने की कोशिश कर रही थी, जिसे लेकर गुस्साए पति ने महिला पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है। हमले के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गुस्साए पति ने बेरहमी से महिला को कैंची से गोदा
मामला ग्वालियर के माधोगंज थाना अंतर्गत प्रीतमपुर कॉलोनी का है, जहां कमल सेन किराए के मकान में रहता है। वर्ष 2010 में उसकी शादी गुढ़ा निवासी डॉली सेन से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। 12 साल का बेटा है और 3 साल की बेटी है। कमल मुरैना में सैलून में काम करता है। डॉली का आरोप है कि कमल शराब पीने का आदी है। शराब पीने के बाद पति उसे और बच्चों को परेशान करता था। वह शराब के नशे में आए दिन मारपीट भी किया करता था। यही वजह है कि पिछले दो माह से अपने मायके में रह रही थी।
12 साल के बेटे ने बमुश्किल महिला को बचाया
पति की शराब की लत और रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर डॉली अपने मायके चली गई और कमल के सामने शर्त रखी थी कि वह तभी उसके साथ रहेगी जब कमल शराब पीना छोड़ देगा। रविवार को कमल ने डॉली को अपने घर बुलाया था। साथ शराब नहीं पीने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद दोनों बच्चों के साथ घूमने गए थे। डॉली का आरोप है कि घर वापसी के समय रास्ते में कमल ने कहीं शराब पी ली। घर पहुंचकर जब डॉली ने आपत्ति जताई तो कमल ने कैंची से उस पर कातिलाना हमला कर दिया। इस दौरान उसने बेरहमी से डॉली पर 8 से 10 ताबड़तोड़ वार किए। घर में मौजूद बारह वर्षीय बेटे ने डॉली को बमुश्किल बचाया। इसके बाद कमल भाग निकला।
घायल महिला ने सास-ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
डॉली का आरोप है कि कमल माता-पिता की शह पर उसे प्रताड़ित करता है। क्योंकि कमल का पिता रामसहाय सेन दतिया पुलिस में कार्यरत था और हाल ही में सेवानिवृत हुआ है। डॉली को अब कमल से जान का खतरा है। वहीं इस घटना में डॉली गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल डॉली सेन की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी पति कमल सेन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः 9वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गुस्साए परिजनों ने किया जमकर हंगामा