1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP में भारी बारिश का कहर, राजगढ़ और आगर मालवा में आज सभी स्कूल रहेंगे बंद, निचले इलाकों में अलर्ट

MP में भारी बारिश का कहर, राजगढ़ और आगर मालवा में आज सभी स्कूल रहेंगे बंद, निचले इलाकों में अलर्ट

लगातार हो रही बारिश की वजह से राजगढ़ और आगर मालवा जिले में सभी स्कूलों को आज बंद करने का आदेश दिया गया है। वहीं, प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए निचली बस्तियों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी

मध्य प्रदेश के राजगढ़ और आगर मालवा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजगढ़ में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जबकि आगर मालवा में दो दिन से जारी बारिश से किसानों को राहत मिली है, लेकिन शहरी इलाकों में जलभराव से परेशानी बढ़ी है। दोनों जिलों में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है और निचली बस्तियों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजगढ़ में नदी-नाले उफान पर

राजगढ़ जिले में रविवार को कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। ब्यावरा में दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक हुई तेज बारिश के कारण अजनार नदी इस सीजन में पहली बार उफान पर आ गई। इससे शहर के पंजाबी नर्सिंग होम के पुल और अस्पताल रोड पर स्थित पुलिया पर पानी आने से राजगढ़ मार्ग, एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, मोनीपुरा गांव, और सिविल अस्पताल जाने वाला मार्ग बंद हो गया।

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और निचली बस्तियों को खाली करने के निर्देश दिए हैं। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई है। जिले में रविवार सुबह से जारी तेज बारिश के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

आगर मालवा में बारिश से राहत

वहीं, लंबे इंतजार के बाद आगर मालवा में आखिरकार बारिश ने दस्तक दे दी है। शनिवार सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश रविवार शाम तक जारी रही। इस बारिश से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी उम्मीद की किरण जगा दी है। दो दिन और एक रात तक चली इस जोरदार बारिश से शहर की सड़कों पर पानी बह निकला।

पिछले कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही तो हो रही थी, लेकिन किसानों को जिस पल का इंतजार था, वह शनिवार सुबह खत्म हुआ। आस-पास के ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे खरीफ फसलों को संजीवनी मिलने की उम्मीद है और किसानों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

हालांकि, पहली ही तेज बारिश ने प्रशासन के इंतजामों की पोल खोल दी। शहर में कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, जिससे स्कूल वाहनों और आम लोगों को निकलने में काफी परेशानी हुई। कुछ मोटरसाइकिलें पानी में डूबी नजर आईं और बैरिकेड्स भी गिरे दिखाई दिए। गाड़ियों की लाइटें जलाकर लोगों को निकालना पड़ा। हाईवे और नीची सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया था। भारी बारिश को देखते हुए आगर मालवा कलेक्टर ने सोमवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

(गोविंद सोनी और राम यादव की रिपोर्ट के साथ)

ये भी पढ़ें-

IMD Weather Update: दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार तक, जानें क्या रहेगा मौसम का हाल

यूपी: बाराबंकी के अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मची भगदड़, करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा श्रद्धालु घायल, टीन शेड में उतरा करंट